मुंबई, 22 सितम्बर। पिछले कारोबारी सत्र में अच्छी बढ़त देखने वाले भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को भी सकारात्मक शुरुआत की थी, लेकिन सूचना प्रौद्योगिकी व वित्तीय कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली से न सिर्फ शुरुआती बढ़त खत्म हुई वरन दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 330 अंक लुढ़क गया तो एनएसई निफ्टी 85 अंक कमजोर हुआ। ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल में नरमी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार नुकसान में रहे।
सेंसेक्स 329.91 अंक टूटकर 74,529.08 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 74,529.08 अंक पर बंद हुआ। सोमवार के मुकाबले 42 अंक की बढ़त से खुला सूचकांक कारोबार के दौरान 180 अंकों की उछाल से 75,000 का स्तर पार करते हुए 75,038.93 अंक तक जा पहुंचा था। लेकिन बिकवाली शुरू हुई तो यह 435.28 अंकों की कमजोरी के साथ 74,423.71 अंक तक जा गिरा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाल निशान पर रुके तो सात में बढ़त दर्ज की गई।
निफ्टी 85.30 अंकों की गिरावट से 23,329 पर बंद
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 23,489.00 पर दिन का उच्चस्तर देखने के बाद 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,329 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 15 के शेयर लाभ में रहे तो 35 में गिरावट दर्ज की गई।
बजाज फिनसर्व का शेयर सर्वाधिक 1.62 फीसदी टूटा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फिनसर्व का शेयर सर्वाधिक 1.62 फीसदी टूटा। ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, इंटरग्लोब एविएशन, टाइटन और टाटा स्टील शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड 1.67% टूटकर 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आया
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.67 प्रतिशत टूटकर 98.66 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 576.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।


