जापान ने टीम इंडिया के पसीने छुड़ाए : बारिश बाधित टी20 मैच में 2 रन से जीत हासिल कर सकी श्रेयस एंड कम्पनी

सानो (जापान), 22 सितम्बर। एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) के दौरान मंगलवार को यहां सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर विश्व चैम्पियन भारत व जापान के बीच उत्सवी माहौल में खेला गया टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला उम्मीद से कहीं ज्यादा रोमांचक साबित हुआ। फिलहाल बारिश से बाधित पांच-पांच ओवरों के इस मैच में दो रनों की संकीर्ण जीत हासिल करने में श्रेयस एंड कम्पनी के पसीने छूट गए।

5 ओवरों में 4 विकेट खोकर सिर्फ 32 रन बटोर सकी भारतीय टीम

दरअसल, पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया चार विकेट के नुकसान पर सिर्फ 32 रन बटोर सकी। जवाब में उतरी जापानी टीम ने मुकाबला आखिरी ओवर तक खींचा और इस दौरान वह तीन विकेट पर 30 रनों तक जा पहुंची थी। इस प्रकार भारतीय टीम पांच-पांच ओवरों के टी20 मैच में न्यूनतम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करने में सफल हो गई।

आखिरी ओवर में देखने को मिला हाई-वोल्टेज ड्रामा

मैच के आखिरी ओवर में ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने मैदान पर बैठे हर शख्स की धड़कनें बढ़ा दीं। दरसअल, जापान को जीत के लिए छह गेंदों पर आठ रनों की दरकार थी। अम्पायर क्रिस थर्गेट ने वामहस्त स्पिनर अक्षर पटेल की तीसरी गेंद को वाइड करार दे दिया।

अक्षर की गेंद को वाइड देने पर अम्पायर से भिड़े नाराज कप्तान श्रेयस

यहां तक तो बात ठीक थी, लेकिन अम्पायर ने अगली गेंद को भी वाइड करार दे दिया तो अक्षर बेहद निराश हो गए जबकि भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर अपना आपा खो बैठे और तुरंत अंपायर के पास पहुंच गए। टीवी पर साफ देखा जा सकता था कि अय्यर अम्पायर के इस फैसले से कितने गुस्से में थे और उन्होंने काफी आक्रामक अंदाज में अपनी नाराजगी जताई। मैच के इस नाजुक मोड़ पर एक अतिरिक्त रन देना भारत को भारी पड़ सकता था और अय्यर का गुस्सा इसी बात को लेकर था।

अम्पायर को बदलना पड़ा अपना फैसला

खैर, भारतीय कप्तान के गुस्से और खिलाड़ियों के दबाव को देखते हुए मैदानी अम्पायरों – क्रिस थर्गेट व क्रिस ब्राउन ने आपस में चर्चा की और अपना फैसला बदलते हुए उस गेंद को मान्य करार दे दिया। अंततः जापान अंतिम तीन गेंदों पर तीन रन बटोर सका और भारत बमुश्किल जीत हासिल कर सका।

16 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने श्रेयस

भारतीय बल्लेबाजी देखें तो शीर्ष क्रम बुरी तरह फेल रहा। शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा सामने पड़ी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। संजू सैमसन नौ रन (एक चौका) और ईशान किशन सिर्फ तीन रन बना सके। अय्यर ने 12 गेंदों पर 16 रन (एक चौका) बनाकर भारत को 32 रनों तक पहुंचाया और बाद में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने। जापान के लिए वामहस्त स्पिनर चार्ली हारा-हिंज ने 17 पर दो विकेट निकाले।

स्कोर कार्ड

पिच पर स्पिनरों को मिल रही मदद को देखते हुए अय्यर ने अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर से गेंदबाजी नहीं कराई जबकि  रव‍ि ब‍िश्नोई ने अपने एक ओवर में 10 रन दिए। हालांकि वॉश‍िंगटन सुंदर ने दो ओवरों में 13 रन खर्च कर दो विकेट झटके जबकि ईशान किशन ने भी डीप से सीधे थ्रो पर रन आउट किया। गनीमत रही कि अक्षर पटेल ने दो ओवरों में सिर्फ सात रन दिए। आखिरी ओवर में उन्होंने बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका नहीं दिया और एक वाइड सहित पांच रन खर्च किए।

श्रेयस बोले – यह बल्लेबाजी के लिए बहुत मुश्किल विकेट था

मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिच को बल्लेबाजी के लिए बेहद मुश्किल करार दिया। उन्होंने कहा कि पिच पर गेंद काफी ज्यादा टर्न हो रही थी और बल्लेबाजों के लिए शॉट लगाना आसान नहीं था। उन्होंने कहा – ‘ईमानदारी से कहूं तो यह बल्लेबाजी के लिए बहुत मुश्किल विकेट था। गेंद काफी ज्यादा टर्न हो रही थी। हमने देखा कि जो ओपनर लगातार रन बनाने के आदी हैं, वे भी स्पिन की रफ्तार को समझ नहीं पा रहे थे।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular