शेयर बाजार में फिर गिरावट, सेंसेक्स 383 अंक टूटा, निफ्टी 119 अंक कमजोर

मुंबई, 7 सितम्बर। पिछले कारोबारी सत्र के अंतिम दिन अच्छी बढ़त देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार को फिर गिरावट की राहत पकड़ी और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। दरअसल, कच्चे तेल के दाम में तेजी, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 383 अंक टूटा वहीं एनएसई निफ्टी 119 अंकों की कमजोरी लेकर रुका।

सेंसेक्स 76,000 से नीचे फिसलने के बाद लौटा

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत टूटकर 76,132.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 544.91 अंकों की गिरावट से 76,000 के नीचे 75,970.52 अंक तक जा फिसला था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सात के स्टॉक मजबूत हुए तो 23 में कमजोरी रही।

निफ्टी 0.50 प्रतिशत की गिरावट से 23,779.15 अंक पर बंद

दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 37 में गिरावट दर्ज की गई।

इन्फोसिस के शेयर सर्वाधिक 3.81 फीसदी लुढ़के

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस के शेयर सर्वाधिक 3.81 फीसदी लुढ़के। टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। इसके विपरीत लाभ में रहने वाले शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल, मारुति और पावर ग्रिड शामिल हैं।

ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत बढ़कर 96.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत बढ़कर 96.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,111.94 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular