1. Home
  2. कारोबार
  3. उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 76000 के नीचे आया, निफ्टी लगभग स्थिर
उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 76000 के नीचे आया, निफ्टी लगभग स्थिर

उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 76000 के नीचे आया, निफ्टी लगभग स्थिर

0
Social Share

मुंबई, 27 मई। पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सतर्क रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की ताजा पूंजी निकासी से घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट रही। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 142 अंक टूटने के साथ फिर 76,000 के नीचे जा फिसला जबकि एनएसई निफ्टी छह अंकों की मामूली गिरावट से लगभग स्थिर रहा।

सेंसेक्स 141.90 अंक टूटकर 75,867.80 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 141.90 अंक यानी 0.19 प्रतिशत टूटकर 75,867.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 476.47 अंकों के दायरे में 76,224.68 अंक के उच्चस्तर तक गया और 75,748.21 अंक का निचला स्तर देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के स्टॉक हरे निशान पर रहे और 10 में कमजोरी रही।

निफ्टी 6.55 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 23,907.15 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 6.55 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,907.15 अंक पर ठहरा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 34 के शेयर मजबूत हुए तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।

एचडीएफसी बैंक ने सर्वाधिक 2.63 फीसदी की गिरावट देखी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचडीएफसी बैंक ने सर्वाधिक 2.63 फीसदी की गिरावट देखी। इन्फोसिस, आईटीसी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक में भी प्रमुख रूप से गिरावट रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में हिण्डाल्को, टाटा मोटर्स पीवी, पावर ग्रिड, इटर्नल, एनटीपीसी और टाटा स्टील शामिल हैं।

एफआईआई ने 2,407.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,407.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.24 प्रतिशत टूटकर 96.35 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बकरीद के मौके पर गुरुवार 28 मई को शेयर बाजार में बंदी रहेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code