शेयर बाजार में 4 सत्रों से जारी गिरावट थमी, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा, निफ्टी में मामूली बढ़त

मुंबई, 4 सितम्बर। वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच भारतीय शेयर बाजार में भी पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट थमी और धातु, निजी बैंक एवं तेल व गैस कम्पनियों के शेयरों में लिवाली आने से शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक उतार-चढ़ाव के बीच हरे निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स ने 363 अंकों की अच्छी मजबूती हासिल की, हालांकि एनएसई निफ्टी की बढ़त 24 अंकों तक सीमित रही।

सेंसेक्स 362.57 अंकों की मजबूती से 76,515.43 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक 730.28 अंकों की बढ़ोतरी से 76,883.14 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि यह अंत में दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी रही।

निफ्टी 24.25 अंक बढ़कर 23,897.70 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत बढ़कर 23,897.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 132 अंक चढ़कर 24,005.75 अंक तक पहुंच गया था। लेकिन समापन नीलामी सत्र (CAS) में ज्यादातर बढ़त जाती रही और यह दिन के सबसे निचले स्तर (23,895.85) से दो अंक ऊपर रुका। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर चढ़े तो 28 में गिरावट दर्ज की गई।

टाटा स्टील के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.91 फीसदी लाभ में रहे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील के स्टॉक सबसे ज्यादा 2.91 फीसदी लाभ में रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हिन्दुस्तान यूनिलीवर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

एफआईआई ने 2,345.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 2,345.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 4,977.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत गिरकर 95.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular