नई दिल्ली, 4 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को बधाई प्रेषित की, जिन्होंने इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार पीएम पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि मेलोनी के नेतृत्व में इटली की जनता के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने मेलोनी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाली प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है।’
Congratulations to my friend Prime Minister Meloni on becoming the longest continuously serving Prime Minister in Italy's postwar history. This milestone is a reflection of the trust and confidence of the Italian people in her leadership.
Her friendship has also been…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य बनाने के लिए करीबी सहयोग को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई और आने वाले वर्षों में मेलोनी की निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
उल्लेखनीय है कि जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए इटली गणराज्य के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का दर्जा हासिल किया है। मेलोनी ने 22 अक्टूबर, 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। शुक्रवार को उनकी सरकार ने सत्ता में 1,413 दिन पूरे कर लिए।
मेलोनी ने भी पीएम मोदी को दी थी बधाई
इससे पहले जुलाई में मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘पीएम मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में उनसे फिर मुलाकात करना खुशी की बात रही। हमने मिलकर एक ऐसी विशेष रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत की है, जो भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।’
इटली यात्रा में रिश्तों को मिली नई मजबूती
गौरतलब है कि गत मई में प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर इटली गए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से मुलाकात की थी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और इटली के रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया था। दोनों नेताओं ने उच्चस्तरीय संपर्कों में आई तेजी का स्वागत किया और बहुपक्षीय कार्यक्रमों के दौरान भी नेताओं की वार्षिक बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई थी। इसके साथ ही मंत्रिस्तरीय और संस्थागत स्तर पर नियमित बैठकों को जारी रखने का भी फैसला किया गया था।

मेलोडी टॉफी का उपहार बना था चर्चा का विषय
उसी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को हल्के-फुल्के और अनोखा उपहार के रूप में ‘मेलोडी’ टॉफी का एक पैकेट भेंट किया था। दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक भरा यह पल बाद में मेलोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया था। उन्होंने वीडियो में इस उपहार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया था और कहा था, ‘प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए एक उपहार लाए हैं, एक बहुत ही अच्छी टॉफी, मेलोडी। इस उपहार के लिए धन्यवाद।’


