मुंबई, 17 सितम्बर। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दर में बढ़ोतरी और मौद्रिक नीति में आगे भी सख्ती के संकेत देने के बाद गुरुवार को निवेशकों ने सतर्क रुख अख्तियार किया, जिससे भारतीय शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद लगभग स्थिर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 22 अंक गिरा वहीं एनएसई निफ्टी 53 अकों की मजबूती लेकर ठहरा।
बाजार विशेषज्ञों का कहना था कि ऑटो व मेटल सहित चुनिंदा शेयरों में खरीदारी से निफ्टी को समर्थन मिला, लेकिन निजी क्षेत्र के बैंकों और आईटी कम्पनियों के शेयर में कमजोरी ने व्यापक सुधार को सीमित कर दिया।’
सेंसेक्स 21.86 अंक गिरकर 74,314.59 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 21.86 अंक यानी 0.03 प्रतिशत गिरकर 74,314.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 341.11 अंक यानी 0.45 प्रतिशत बढ़कर 74,677.56 पर पहुंच गया था। लेकिन बाद में अपनी बढ़त गंवा बैठा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर बढ़त पर रहे तो नौ में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 53 अंकों की बढ़त से 23,270.60 पर बंद
इसके विपरीत नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 53 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,270.60 पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 22 अंकों की हल्की गिरावट से खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 146 अंकों की बढ़त से 23,363.55 पर दिन के उच्चस्तर तक जा पहुंचा था, लेकिन अंत में ज्यादातर बढ़त खत्म हो गई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 मजबूत हुए तो 14 में कमजोरी रही।
एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा 1.30 प्रतिशत गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचडीएफसी बैंक का स्टॉक सबसे ज्यादा 1.30 प्रतिशत गिरा। टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी ज्यादा गिरावट रही। दूसरी तरफ, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), इटर्नल, मारुति और एशियन पेंट्स के शेयर बढ़त में रहे।
ब्रेंट क्रूड 1.61 प्रतिशत टूटकर 104.1 डॉलर प्रति बैरल पर
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.61 प्रतिशत टूटकर 104.1 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,032.61 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।


