कोलंबो टेस्ट : दिनुशा व सूरियाबंडारा के पचासों से श्रीलंका फॉलोऑन बचाने के लिए संघर्षरत, प्रसिद्ध व सुथार ने बांटे 6 विकेट

कोलंबो, 25 अगस्त। भारतीय गेंदबाजों ने बारिश की बाधाओं के बीच श्रीलंकाई बल्लेबाजों की लगातार परीक्षा ली और पेसर प्रसिद्ध कृष्णा (3-47) व वामहस्त स्पिनर मानव सुथार (3-83) ने आपस में छह विकेट भी बांटे। लेकिन पासिंदु सूरियाबंडारा (80 रन,133 गेंद, नौ चौके) के बाद सोनल दिनुशा (नाबाद 85 रन, 137 गेंद, दो छक्के, छह चौके) ने दृढ़ता प्रदर्शित की और उनके अर्धशतकीय प्रयासों से मेजबानों ने दूसरे व अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन बारिश व खराब रोशनी के कारण जल्द स्टंप्स उखाड़े जाने तक आठ विकेट पर 265 रन बनाने के साथ फॉलोऑन बचाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखा।

फॉलोऑन बचाने के लिए मेजबानों को 38 रनों की दरकार

भारत के विशाल स्कोर (503) से श्रीलंका हालांकि अब भी 238 रन पीछे है और फॉलोऑन बचाने के लिए उसे 38 रनों की दरकार है जबकि पहली पारी के सिर्फ दो विकेट शेष हैं। खेल समाप्ति के समय दिनुशा के साथ लाहिरु कुमारा क्रीज पर थे। हालांकि चाय के विश्राम के समय सात विकेट पर 216 रनों के स्कोर से आगे खेलते हुए श्रीलंकाई पारी जल्द सिमटने के आसार दिख रहे थे। लेकिन दिनुशा ने लगातार तीसरी पारी में 50 से अधिक रन बनाकर भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया और दो सत्र तक उन्हें विकेट के लिए तरसाए रखा। छोटे कद के खब्बू बल्लेबाज ने शानदार जुझारूपन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

सोनल को पुछल्लों – नुवांथा व लाहिरु का भी सहयोग मिला

भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो प्रसिद्ध कृष्णा व मानव सुथार के अलावा रवींद्र जडेजा (1-45) व प्रथम प्रवेशी सारांश जैन (0-51) ने भी स्पिन के जरिए दिनुशा को परेशान करने की कोशिश की। लेकिन 25 वर्षीय बल्लेबाज ने उनकी हर चुनौती का डटकर सामना किया दिनुशा को इस क्रम में केशारा नुवांथा (18 रन, 74 गेंद, एक छक्का, दो चौके) और लाहिरु (नाबाद आठ रन, 50 गेंद, एक चौका) के रूप में दो जुझारू साथी भी मिले। नुवांथा के साथ उन्होंने आठवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। फिर लाहिरु के साथ अब तक 35 रनों की अटूट साझेदारी कर चुके हैं।

स्कोर कार्ड

सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर श्रीलंका ने पिछली शाम की खराब शुरुआत 2-8 से आगे खेलना शुरू किया और पहले सत्र में 122 रन जोड़े। हालांकि प्रसिद्ध ने दिन के सातवें ओवर में ही अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे कामिल मिसारा (19 रन, 25 गेंद, तीन चौके) को विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल से कैच करा दिया।

लेकिन सूरियाबंडारा और कामिंदु मेंडिस (32 रन, 58 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने भारतीय गेंदबाजों को लगभग दो घंटे तक विकेट से वंचित रखा। पहला टेस्ट खेल रहे ऑफ स्पिनर जैन ने कुछ उछाल और टर्न हासिल किया, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशानी में नहीं डाल सके।

सूरियाबंडारा व मेंडिस ने चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े

करिअर का दूसरा टेस्ट खेल रहे सूरियाबंडारा ने इसी क्रम में 76 गेंदों पर अपना पहला अर्धशतक पूरा किया और मेंडिस संग चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। फिलहाल प्रसिद्ध ने लंच से ठीक पहले तेजी से उछाल लेती गेंद पर मेंडिस को मिड विकेट पर खड़े रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराकर यह साझेदारी तोड़ी।

बारिश बाधित दूसरे सत्र में श्रीलंका ने जोड़े 86 रन

बारिश के कारण देर से शुरू हुए दूसरे सत्र में 86 रन जोड़ने वाले श्रीलंका ने तीन विकेट भी गंवाए। मानव सुथार ने कप्तान धनंजय डी सिल्वा (आठ रन, दो चौके) को पहली स्लिप में केएल राहुल से कैच कराया तो जडेजा ने सूरियाबंडारा को चकमा देकर बोल्ड किया। दो रन बाद मोहम्मद सिराज (1-33) निरोशन डिकवेला (शून्य) को खाता नहीं खोलने दिया। हालांकि दिनुशा व नुवांथा ने दृढ़तापूर्वक बल्लेबाजी से चाय (7-216) से पहले और कोई क्षति नहीं होने दी।

दिनुशा ने चाय से ठीक पहले लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया

इसी क्रम में दिनुशा ने चाय से ठीक पहले सुथार को चौका जड़ने के साथ 82 गेंदों पर सीरीज में अपना लगातार तीसरा पचासा पूरा किया। तीसरे सत्र में सुथार ने नुवांथा के रूप में अपना तीसरा शिकार कर अर्धशतकीय भागीदारी तोड़ी तो लाहिरु कुमारा भी दिनुशा संग मेहमान गेंदबाजों के सामने अड़ गए। बचे दो विकेट लेने की चाहत में भारत ने 81वें ओवर में दूसरी नई गेंद ली। लेकिन पानी मध्यांतर के तत्काल बाद बारिश से खेल रुका तो एक घंटे के इंतजार के बाद स्टंप्स ही उखाड़ने पड़े।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular