मुंबई, 25 अगस्त। कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन गिरावट के साथ खुले घरेलू शेयर बाजार को कारोबार समाप्त होने से पहले लिवाली और कच्चे तेल के दाम में तेज गिरावट का इस कदर सहारा मिला कि दोनों मानक सूचकांक अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। इस क्रम में मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 287 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 115 अंकों के लाभ से 24,300 के पार चला गया।
सेंसेक्स 286.98 अंकों की बढ़त से 77,656.09 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स लगभग 74 अंकों की गिरावट से खुला और कारोबार के दौरान अधिकतर समय गिरावट में रहा। लेकिन आखिरी चरण में लिवाली से यह 286.98 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 77,656.09 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 77,666.39 अंक तक गया और नीचे में 77,125.91 अंक तक आया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक मजबूत हुए जबकि छह में कमजोरी रही।
निफ्टी 115.50 अंक बढ़कर 24,334.55 पर बंद
उसी प्रकार नेशनस स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी कारोबार के आखिरी चरण में आई लिवाली के कारण 115.50 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 24,334.55 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 34 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।
इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा 2.05% चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा 2.05 फीसदी चढ़े। अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, ट्रेंट, टाइटन और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड की कीमत 3 प्रतिशत टूटकर 89.32 डॉलर प्रति बैरल पर आया
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत तीन प्रतिशत टूटकर 89.32 डॉलर प्रति बैरल पर रही। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,181.66 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।


