1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. राज्यसभा चुनाव : सोनिया गांधी राजस्थान से उम्मीदवार, जयपुर में दाखिल किया नामांकन पत्र
राज्यसभा चुनाव : सोनिया गांधी राजस्थान से उम्मीदवार, जयपुर में दाखिल किया नामांकन पत्र

राज्यसभा चुनाव : सोनिया गांधी राजस्थान से उम्मीदवार, जयपुर में दाखिल किया नामांकन पत्र

0
Social Share

जयपुर, 14 फरवरी। कांग्रेस ने संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। 77 वर्षीय कांग्रेस नेता ने आज ही यहां नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन पत्र दाखिले के समय सोनिया के साथ पुत्र राहुल गांधी, पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

इससे पहले राहुल और प्रियंका के साथ सोनिया गांधी जयपुर हवाई अड्डे पर उतरीं। वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। सोनिया लगभग 12 बजे सभी नेताओं के साथ राजस्थान विधानसभा पहुंची, जहां उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया।

कांग्रेस ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची

इस बीच, कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक सूची जारी की, जिसमें राजस्थान से सोनिया गांधी के अलावा अखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार से, अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश से और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

सोनिया गांधी पहली बार संसद के उच्च सदन में जाएंगी

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी 1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी।

इंदिरा गांधी के बाद उच्च सदन जाने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी

देखा जाए तो सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी के बाद राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी अगस्त, 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं।

बेटी प्रियंका गांधी रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से लड़ सकती हैं चुनाव

सोनिया गांधी ने 2019 में घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोनिया गांधी के इस बार चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की सीटें जीतने की स्थिति में है।

राजस्थान से इन दिग्गजों का खत्म हो रहा राज्यसभा कार्यकाल

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राजस्थान से राज्यसभा का कार्यकाल इस साल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल भी अप्रैल में पूरा हो रहा है। हाल में उच्च सदन से इस्तीफा देने वाले किरोड़ी लाल मीणा का कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त होगा। भाजपा ने पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व से राज्य से राज्यसभा सीट के लिए सोनिया गांधी को नामित करने का आग्रह किया था।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत आठ फरवरी से हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code