1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC महिला वनडे रैंकिंग : स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार, कप्तान हरमनप्रीत सातवें स्थान पर पहुंचीं
ICC महिला वनडे रैंकिंग : स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार, कप्तान हरमनप्रीत सातवें स्थान पर पहुंचीं

ICC महिला वनडे रैंकिंग : स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार, कप्तान हरमनप्रीत सातवें स्थान पर पहुंचीं

0
Social Share

दुबई, 17 मार्च। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ICC महिला एकदिवसीय रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष पोजीशन पर कायम हैं। रैंकिंग में यह बदलाव न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन के दो स्थान फिसलकर नौवें नंबर पर आने के बाद हुआ। भारत की जेमिमा रॉड्रिग्स 12वें स्थान पर बरकरार हैं।

इस बीच न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ ‘आईसीसी महिला चैम्पियनशिप सीरीज’ के अंतिम मैच में 94 रनों की शानदार पारी खेलकर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। 33 वर्षीय ग्रीन की डनेडिन में खेली गई 73 गेंदों की पारी की बदौलत उनकी टीम ने 200 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से सूपड़ा साफ किया तो खुद ग्रीन पांच स्थान ऊपर चढ़कर 610 रेटिंग अंकों के साथ 17वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करिअर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

न्यूजीलैंड की हरफनमौला एमेलिया केर ने आखिरी वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 रन बनाने के साथ 22 रन देकर पांच विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया। इस बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया। इस प्रदर्शन से केर 21वें स्थान से संयुक्त 19वें स्थान पर पहुंच गई हैं और बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी दोनों में 600 से अधिक रेटिंग अंक हासिल किए हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की इसाबेल गेज भी तीन स्थान की छलांग लगाकर 61वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, तेज गेंदबाज रोजमेरी मेयर सात स्थान ऊपर चढ़कर 58वें और ब्री इलिंग पांच स्थान की बढ़त के साथ 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कप्तान अमेलिया केर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ माउंट माउंगानुई में खेले गए पहले मुकाबले में 44 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेलकर करिअर के सर्वश्रेष्ठ 694 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में आठवें स्थान पर बरकरार हैं। जॉर्जिया प्लिमर ने 63 रन की पारी खेलकर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और वह 50वें से 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में जेस केर ने 13 रन देकर दो विकेट लेने के प्रदर्शन के दम पर 11 स्थान की छलांग लगाकर 23वां स्थान हासिल किया है। वहीं, सोफी डिवाइन ने करिअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 12 रन देकर चार विकेट झटके, जिससे वह 104वें स्थान से 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code