गुड बॉय माय लव, दादी आशा भोसले के निधन पर टूटी जनाई भोसले, भारी मन से बयां किया दर्द
मुंबई, 14 अप्रैल। हिंदी सिनेमा की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले को 13 अप्रैल को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दुखद घड़ी में सोशल मीडिया पर सिंगर की पोती, जनाई भोसले की तस्वीरें और वीडियो छाए रहे। अपनी दादी के बिछड़ने के गम में जनाई बेहद भावुक नजर आईं। सोशल मीडिया पर उनके रोने के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। अब अंतिम संस्कार के बाद, जनाई ने अपनी दादी की याद में उनके साथ एक पुरानी तस्वीर साझा की है। जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर अपनी दादी के साथ फोटो पोस्ट की है और उनके अंतिम संस्कार की फोटो भी पोस्ट की है।
जनाई ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा, “मैं इस समय इतनी भावुक हूं कि शब्दों में कुछ कह पाना कठिन है।जब समय मिलेगा तब कुछ लिखूंगी, लेकिन अभी बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी दादी को समाज के हर वर्ग से जो प्रेम और सम्मान मिला है। मैं तहे दिल से आप सभी का धन्यवाद करती हूं। वह इस प्यार की पूरी हकदार थीं। मुझे एहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी और उन्होंने यह सब ऊपर से देखा है।” जबकि एक दूसरी फोटो में वे सिंगर को प्यार से विदा करती दिख रही हैं।
उन्होंने लिखा, ‘गुड बॉय, माय लव, लव ऑफ माय लाइफ।’ जनाई के पोस्ट पर हर कोई उन्हें हौसला दे रहा है और आशा ताई के लिए प्रार्थना भी कर रहा है। बता दें कि जनाई जल्द ही द प्राइड ऑफ भारत छत्रपति शिवाजी महाराज नाम की फिल्म में दिखने वाली हैं, जो अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। बहुत कम लोग जानते हैं कि जनाई आशा भोसले की तरह ही बहुत अच्छी सिंगर और बहुत सुरीला गाती हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी कई सिंगिंग वीडियो पोस्ट की है। उनकी सिंगिंग वीडियो को भी खूब पसंद किया जाता है।
