1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. शहजाद पूनावाला ने भाजपा से निकलते ही कसा तंज- ‘पीएम नरेंद्र मोदी, आप तानाशाह बनने में नाकाम रहे…’
शहजाद पूनावाला ने भाजपा से निकलते ही कसा तंज- ‘पीएम नरेंद्र मोदी, आप तानाशाह बनने में नाकाम रहे…’

शहजाद पूनावाला ने भाजपा से निकलते ही कसा तंज- ‘पीएम नरेंद्र मोदी, आप तानाशाह बनने में नाकाम रहे…’

0
Social Share

नई दिल्ली, एक अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला ने पार्टी छोड़ते ही शनिवार को तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री तानाशाह बनने में ‘नाकाम’ रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हुए NEET विरोध-प्रदर्शन के विवाद पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया की तुलना कांग्रेस और विपक्ष-शासित राज्यों में असहमति के प्रति उनके रवैये से की।

शहजाद पूनावाला ने X पर एक वीडियो पोस्ट में कहा कि वह पीएम मोदी से पूरी तरह निराश हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘12 साल बीत चुके हैं और वह नाकाम रहे हैं। उन्हें तो यह भी नहीं पता कि एक सही तानाशाह कैसे बना जाता है।’

पूनावाला की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी के उस वीडियो संदेश के कुछ घंटे बाद आई है, जिसमें उन्होंने लोगों से उन छात्रों को माफ करने की अपील की थी, जिन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

शहजाद ने ने कहा कि तानाशाह की तरह व्यवहार करने के बजाय पीएम मोदी ने समाज, पुलिस और बाकी सभी लोगों से छात्रों को माफ करने की अपील की थी। पूनावाला ने कहा, “कल रात उन्होंने एक वीडियो जारी किया और उन बच्चों के बारे में कहा, जिन्होंने संवैधानिक अधिकारियों और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था – ‘वे शरारती बच्चे हैं, उन्हें माफ कर दें।’ उन्होंने समाज, पुलिस और सभी से उन्हें माफ करने की अपील की।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

पूर्व भाजपा नेता ने इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘राहुल गांधी, इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के वंशज हैं। मोदी जी, उनसे सीखिए कि असली तानाशाही क्या होती है, असली इमरजेंसी क्या होती है।’

मोदी सरकार के उलट कांग्रेस सरकारें विरोध-प्रदर्शनों को लेकर दर्ज कर रहीं मामले

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां मोदी सरकार ने छात्र प्रदर्शनकारियों की मांगें मानकर उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस ले लिए थे, वहीं कांग्रेस सरकारें सोशल मीडिया पोस्ट और विरोध-प्रदर्शनों को लेकर मामले दर्ज कर रही हैं।

हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए पूनावाला ने दावा किया कि केरल में राहुल गांधी का अपमान करने के आरोप में इंस्टाग्राम यूजर्स के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कर्नाटक में एक पोस्टर और एक रैप आर्टिस्ट के खिलाफ पुलिस की काररवाई का भी जिक्र किया।

जवाहरलाल नेहरू ने ही अभिव्यक्ति की आजादी को सीमित किया था

पूनावाला ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू ने ही अभिव्यक्ति की आजादी को सीमित किया था और इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाई थी, विपक्षी नेताओं को जेल में डाला था और असहमति को दबाया था। उन्होंने असम आंदोलन, नवनिर्माण आंदोलन और अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले भ्रष्टाचार-विरोधी आंदोलन का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उन दौर में हजारों प्रदर्शनकारियों को जेल में डाला गया था।

पीएम मोदी का दोबारा जिक्र करते हुए पूनावाला ने कहा, “आज बच्चे अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं और आप कह रहे हैं, ‘वे बच्चे हैं, गलतियां हो जाती हैं। हमें उन्हें सही रास्ते पर लाने में मदद करनी चाहिए।’ लेकिन राहुल जी, एक असली तानाशाह की तरह, इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर मामले दर्ज करवा रहे हैं।”

उन्होंने प्रधानमंत्री की आलोचना करने वालों पर एक और तंज कसते हुए अपनी बात खत्म की – ‘मोदी जी, 12 साल हो गए हैं। आप तानाशाह नहीं बन पाए हैं। आपने इन सभी वामपंथी उदारवादियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। आप नाकाम रहे हैं…।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code