बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : शरत कमल ने 16 वर्षों बाद फिर जीता टेबल टेनिस का एकल स्वर्ण पदक

बर्मिंघम, 8 अगस्त। 40 वर्ष की अवस्था पार कर चुके अनुभवी पैडलर अचंता शरत कमल ने सोमवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की टेबल टेनिस पुरुष एकल स्पर्धा के फाइनल में खुद पर उम्र को हावी नहीं होने दिया और 16 वर्षों बाद एक बार फिर स्वर्ण पदक जीत लिया।

अंग्रेज पैडलर पिचफोर्ड को 4-1 से शिकस्त दी

वर्ष 2006 में मेलबर्न खेलों में पदार्पण करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाले विश्व नंबर 39 शरत कमल ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और विश्व रैंकिंग में स्वयं से 19 पायदान ऊपर इंग्लैंड के 29 वर्षीय लियाम पिचफोर्ड को 4-1 (11-13, 11-7, 11-2, 11-6, 11-8) से हराकर बाजी मारी।

बर्मिंघम खेलों में स्वर्ण पदकों की तिकड़ी लगाई

दिलचस्प यह रहा कि आज की स्वर्णिम सफलता के साथ ही शरत कमल ने इन खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक भी पूरी कर दी। रविवार को श्रीजा अकुला के साथ मिलकर मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीतने के पहले उनकी टीम ने टीम स्पर्धा का भी स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने पुरुष युगल में रविवार को ही जी. साथियान के साथ मिलकर रजत पदक जीता था। यानी इस बार के चार पदकों के साथ कमल राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक कुल 13 पदक जीत चुके हैं।

साथियान ने एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता

इससे पहले साथियान ने इंग्लैंड के ही पॉल ड्रिंकहाल को 4-3 से हराकर पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। एकल रैंकिंग में 35वें स्थान पर काबिज साथियान ने शुरुआती तीन गेम जीतकर शानदार शुरुआत की लेकिन रैंकिंग में 74वें स्थान वाले खिलाड़ी ड्रिकहॉल ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 3-3 से बराबर कर लिया। निर्णायक सातवां गेम भी बेहद करीबी रहा। उन्होंने रोमांचक मुकाबले को 11-9, 11-3, 11-5, 8-11, 9-11, 10-12, 11-9 से अपने नाम किया।

दो राष्ट्रमंडल खेलों में साथियान ने जीते छह पदक

पिछले दो राष्ट्रमंडल खेलों में साथियान का यह छठा पदक है। मौजूदा खेलों में यह उनका दूसरा पदक है। उन्होंने शरत कमल के साथ पुरुष युगल का रजत पदक जीता था। देखा जाए तो शरत और साथियान ने इसके साथ ही पुरुष युगल के फाइनल में पिचफोर्ड और ड्रिंकहॉल से मिली हार का भी बदला ले लिया।

टेटे और पैरा टेटे में सात पदकों के साथ भारत शीर्ष पर रहा

उल्लेखनीय यह है कि बैडमिंटन के बाद टेबल टेनिस व पैरा टेबल टेनिस की पदक तालिका में भी भारत पहले स्थान पर रहा। पैरा टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने स्वर्ण पदक जीता था जबकि सोनल पटेल को कांस्य पदक मिला था।

वहीं टेबल टेनिस में भारतीय दल ने तीन स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक जीता। दोनों स्पर्धाओं में मिलाकर भारत ने चार स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य सहित कुल सात पदक जीते।

RELATED ARTICLES

Most Popular