बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : बैडमिंटन में भारत की गोल्डन हैट्रिक, सात्विक व चिराग ने पुरुष युगल में पहली बार स्वर्ण दिलाया

बर्मिंघम, 8 अगस्त। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन शटलरों के शानदार प्रदर्शन के बल पर भारत ने बैडमिंटन स्पर्धा में गोल्डन हैट्रिक जमाई। दिन की शुरुआत पीवी सिंधु ने महिला एकल से की तो लक्ष्य सेन पुरुष एकल में अव्वल रहे और अंत में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शक्तिशाली जोड़ी ने पुरुष युगल का स्वर्ण जीतकर इन खेलों की बैडमिंटन स्पर्धा में भारतीय अभियान का ऐतिहासिक समापन किया।

सात्विक-चिराग मेजबान जोड़ी पर बीस छूटे

विश्व रैंकिंग में आठवें नंबर पर मौजूद सात्विकसाईराज और चिराग ने एकतरफा फाइनल में इंग्लैंड के लेन बेन व वेंडी सीन 21-15, 21-13 से हराकर श्रेष्ठता सिद्ध की। सात्विक व चिराग ने नेट पर आक्रामक अंदाज दिखाते हुए लंबी रैलियों के लिए ज्यादा गुंजाइश नहीं छोड़ी और दोनों गेमों में मध्यांतर तक 11-10 की बढ़त के बाद रफ्तार पकड़ते हुए विपक्षी टीम को मायूस किया। राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला मौका है, जब पुरुष युगल में भारत ने स्वर्ण पदक जीता।

बैडमिंटन में 3 स्वर्ण सहित 6 पदकों के साथ भारत शीर्ष पर रहा

दिलचस्प तो यह रहा कि भारतीय शटलर सोमवार को तीन फाइनल में कोर्ट पर उतरे और सभी में स्वर्ण लेकर बाहर निकले। इसके साथ ही भारतीय बैडमिंटन टीम ने इन खेलों में तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदकों के साथ शीर्षस्थ रहते हुए अपने अभियान का समापन किया।

आज मिले तीन स्वर्ण पदकों के अलावा मिक्स्ड टीम स्पर्धा में टीम को रजत पदक मिला था जबकि रविवार को पुरुष एकल में विश्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत और महिला युगल में जॉली त्रीसा व पुलेला गायत्री गोपीचंद ने कांस्य पदक जीते थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular