बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : पुरुष हॉकी में रजत पदक के साथ भारतीय अभियान का समापन, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत

बर्मिंघम, 8 अगस्त। 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के 11वें व अंतिम दिन सोमवार को बैडमिंटन व टेबल टेनिस में मिले चार स्वर्ण पदकों की खुशी उस वक्त थोड़ी फीकी हो गई, जब अंतिम स्पर्धा यानी पुरुष हॉकी फाइनल में भारतीय टीम शक्तिशाली ऑस्ट्रेलिया का तिलिस्म एक बार फिर नहीं तोड़ सकी और 0-7 की शर्मनाक पराजय के साथ उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके पूर्व कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 6-3 से हराकर लगातार तीसरी बार कांस्य पदक जीता।

एकदम हत्थे से उखड़ी दिखी भारतीय टीम 0-7 से परास्त

लीग चरण में अपराजेय रहकर पूल में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली भारतीय टीम अप्रत्याशित रूप से बिल्कुल फॉर्म में नहीं दिखी। फॉरवर्ड पंक्ति में तालमेल नहीं था और डिफेंस को ऑस्ट्रेलिया ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। कोढ़ में खाज यह कि कप्तान मनप्रीत सिंह को कंधे में चोट लग गई, जिससे टीम का प्रदर्शन बुरी तरह प्रभावित हो गया।

ऑस्ट्रेलिया ने आधे समय तक 5-0 की बढ़त ले रखी थी

कुल मिलाकर देंखें तो दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल 2010 की कड़वीं यादें हॉकी प्रेमियों के जेहन में फिर ताजा हो गई, जब फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 8-0 से धराशायी किया था। आधे समय तक 5-0 की बढ़त ले चुके ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एफराम्स व जैकब एंडरसन ने दो-दो गोल दागे जबकि ब्लैक गोवर्स, टॉम विकहैम और फिन ओजिलवी ने एक-एक बार गोल पट्टी गुंजाई।

ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सभी 7 स्वर्ण पदक जीते हैं

राष्ट्रमंडल खेलों में 1998 में हॉकी को शामिल किए जाने के बाद से अब तक सभी सात स्वर्ण स्ट्रेलिया ने जीते हैं। तीसरी बार फाइनल खेलने वाले भारत ने 2010 में दिल्ली और 2014 में ग्लास्गो में भी रजत पदक जीते थे।

भारत 22 स्वर्ण सहित 61 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा

फिलहाल भारत ने इन खेलों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य सहित 61 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया और पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया (67+57+54=178), इंग्लैंड (57+66+53=176) व कनाडा (26+32+34=92) के बाद चौथे स्थान पर रहा।

भारतीय दल के पदक विजेता

  • 22 स्वर्ण : मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टीटी पुरुष टीम, सुधीर, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश, नवीन, भाविना, नीतू, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन, शरत-श्रीजा, पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग, शरत।
  • 16 रजत : संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम, अब्दुल्ला अबोबैकर, शरथ-साथियान, महिला क्रिकेट टीम, सागर, पुरुष हॉकी टीम।
  • 23 कांस्य : गुरुराजा, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस, महिला हॉकी टीम, संदीप कुमार, अन्नू रानी, सौरव-दीपिका, किदांबी श्रीकांत, त्रिषा-गायत्री, साथियान।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular