जुलाई माह के पहले दिन से कई बदलाव : पासपोर्ट बनवाने की फीस बढ़ी, वाणिज्यिक LPG की कीमतें घटीं
नई दिल्ली, 1 जुलाई। जुलाई माह की शुरुआत के साथ ही बुधवार से आधार, पासपोर्ट, गाड़ियों की कीमतों से लेकर एलपीजी में बड़ा बदलाव हुआ है, जिनका सीधा असर आमजन की जेब पर पड़ेगा।
पासपोर्ट बनवाने के लिए अब देने होंगे 2,500 रुपये
केंद्र सरकार की ओर से पासपोर्ट बनाने की फीस बढ़ा दी गई है। अब सामान्य पासपोर्ट को बनवाने के लिए 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये देने होंगे। वहीं तत्काल पासपोर्ट बनवाने के लिए 5,000 रुपये खर्च करने होंगे। तत्काल पासपोर्ट बनवाने की फीस पहले 3,500 रुपये थी। यह नई फीस एक जुलाई से लागू हो गई है।
घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत यथावत
तेल वितरक कम्पनियों ने एक जुलाई से वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का एलान किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 183.50 रुपये घटकर 2,930 रुपये हो गया है, जो पहले 3,113.50 रुपये था। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उसे 942 रुपये पर स्थिर रखा गया है।
आधार में ईमेल नि:शुल्क अपडेट करने की सुविधा
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एलान किया है कि यदि आप अपने आधार में ईमेल आईडी अपडेट करना चाहते हैं तो एक जुलाई-31 दिसम्बर तक नि:शुल्क कर सकते हैं। इससे पहले आधार में ईमेल अपडेट करने के लिए 75 रुपये देने होते थे। इस कदम के जरिए आधार का संचालन करने वाली संस्था यूआईडीएआई की ओर से लोगों को आधार में लेटेस्ट जानकारी अपडेट करने के लिए प्रेरित करना है।
कई वाहन कम्पनियों ने बढ़ाईं अपने वाहनों की कीमतें
कई वाहन कम्पनियों द्वारा कीमतों में की गई बढ़ोतरी एक जुलाई से लागू हो रही है। इनमें टाटा मोटर्स, किआ मोटर्स, एमजी मोटर्स और बीएमडब्ल्यू का नाम शामिल है। टाटा मोटर्स पैसेंजर ह्वीकल (पीवी) ने अपने वाहनों की कीमतें 1.5 प्रतिशत तक बढ़ा दी हैं। वहीं, टाटा मोटर्स कमर्शियल ह्वीकल (सीवी) ने कीमतों में 2.5 प्रतिशत तक का इजाफा किया है। इसके अलावा किआ मोटर्स और बीएमडब्ल्यू ने कीमतों में 2-2 प्रतिशत और एमजी मोटर्स ने 3 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।
कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
इसके अलावा, कई क्रेडिट कार्ड के नियमों में बुधवार से बदलाव लागू हो गया है। इस क्रम में SBI कार्ड ने कुछ चुनिंदा फोनपे एसबीआई कार्ड के लिए रिवॉर्ड प्वॉइंट में बदलाव किया गया है। इसके तहत कई नई सीमाएं लगाई गई हैं और कुछ ट्रांजेक्शन को रिवॉर्ड प्वॉइंट्स की कैटेगरी से हटाया गया है। वहीं, HDFC ने रेगलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड होल्डर्स अब हर कैलेंडर वर्ष की तिमाही में तीन बार मुफ्त डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें हर तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे।
बिना टिकट ट्रेन में सफर करने पर अब दोगुना जुर्माना
भारतीय रेलवे ने भी यात्रा संबंधित नियमों में आज से कुछ बदलाव किए हैं। ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर लगने वाला न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर सीधे 500 रुपये (दोगुना) कर दिया गया है। इसके साथ ही यदि कोई पुरुष यात्री महिला बोगी में सफर करता पाया गया तो उस पर 2,500 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
