लखनऊ, 20 अगस्त। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब गोमतीनगर इलाके में एक बैंककर्मी ने दिनदहाड़े अपनी बैंककर्मी पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर घर पहुंचकर अपनी बहन को मौत के घाट उतारा और अंत में खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थी मृतका
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार मध्याह्न बाद करीब 12.15 बजे विवेक खंड में स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के बाहर हुई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा (37) के रूप में हुई है, जो आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।
दम्पति में चल रहा था विवाद, दिव्या ने कोर्ट में लगा रखी थी तलाक की अर्जी
पुलिस ने बताया कि दिव्या बैंक के बाहर अपनी कार में थी, तभी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में फील्ड ऑफिसर पद पर कार्यरत दिव्या के पति मानस वाजपेयी ने उसे बाहर बुलाया और गोली मारने के बाद वहां से भाग गया। मानस कथित रूप से एक ऑटो रिक्शा में अपनी पत्नी का इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनसार मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। दिव्या ने एक वर्ष पहले मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।
अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अमोल मुर्कुट घटना की सूचना मिलने के बाद बैंक पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिव्या पिछले तीन-चार वर्षों से इस बैंक में काम कर रही थी। उन्होंने कहा, ‘बैंक में काम करने वाले सहकर्मियों ने हमलावर की पहचान दिव्या के पति के रूप में की है।’
मानस वाजपेयी ने खुद को भी मार ली गोली
पुलिस ने बताया कि आरोपित का बाद में हुसड़िया क्षेत्र में पता लगाया गया, जहां उसने अपनी बहन शीबा वाजपेयी को कथित तौर पर गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू की।
मानस का घर हुसड़िया में है जबकि दिव्या आलमबाग में रहती थी। मृतका दिव्या मिश्रा, पत्रकार और मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। प्रज्ञा ने X पर लिखा, ‘अभी-अभी फोन आया गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है….लोहिया में है ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे।” इस पोस्ट के कुछ देर बाद इलाज के दौरान प्रज्ञा की बहन की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पति मानस बाजपेई ने पिस्टल से पत्नी पर एक साथ दो गोलियां दागीं और वहां से भाग खड़ा हुआ। फिर हुसड़िया चौराहे के पास घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक के कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। महिला को गंभीर हालत में तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की हत्या के बाद मानस ने लगाया ह्वाट्सएप स्टेटस
‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के अनुसार पत्नी की हत्या के बाद मानस ने ह्वाट्सएप पर एक स्टेटस लगाया। उसमें उसने लिखा – ‘मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है। उसकी (दिव्या की) बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव को सबकुछ पता है।’
पड़ोसी अंकुर प्रकाश ने बताया कि जैसे ही उन्होंने ह्वाट्सएप स्टेटस देखा, वह दौड़कर मानस के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इस दौरान अंदर टीवी चल रहा था। इसके बाद दरवाजा जोर लगाकर खोला गया। अंदर दोनों भाई-बहन मृत पड़े थे जबकि टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी। पड़ोसी ने बताया कि मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बहन करीब 28-29 साल की थी। वह पहले से मानसिक रूप से बीमार थी। पिछले कुछ महीनों से उसकी तबीयत ज्यादा खराब थी।


