1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी का लखनऊ में हृदयाघात से निधन  
वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी का लखनऊ में हृदयाघात से निधन  

वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी का लखनऊ में हृदयाघात से निधन  

0
Social Share

लखनऊ, 4 अप्रैल। वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं अंग्रेजी दैनिक ‘टॉइम्स ऑफ इंडिया’ लखनऊ के पूर्व खेल संपादक संतोष सूरी का शनिवार को हृदयाघात के कारण निधन हो गया। परिवारीजनों के अनुसार 68 वर्षीय सूरी ने शनिवार की भोर में करीब तीन बजे सीने में दर्द की शिकायत की। उन्हें गोमतीनगर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खेल पत्रकार जगत में ‘परफेक्ट जेंटलमैन’ की पहचान रखते थे सूरी

खेल पत्रकार जगत में ‘परफेक्ट जेंटलमैन’ की पहचान रखने वाले संतोष सूरी के परिवार में उनकी पत्नी ग्लोरिया और बेटी निकिता हैं। दिवंगत पत्रकार का आज ही दिन में गोमती नगर स्थित बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने उन्हें अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धाजंलि अर्पित की।

संतोष सूरी 1984 में ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के लखनऊ संस्करण से जुड़े थे हालांकि 2016 में रिटायरमेंट के बाद वह ‘मिड डे’ के साथ जुड़ कर लगातार क्रिकेट की रिपोर्टिंग कर रहे थे। गत एक अप्रैल को ही यहां भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के तहत खेले गए लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच की भी उन्होंने कवरेज की थी।

क्रिकेट व क्रिकेटरों की गहरी समझ के कारण यूपी क्रिकेट का इन्साइक्लोपीडिया कहा जाता था

लगभग चार दशक के पत्रकारिता करिअर में उन्होंने क्रिकेट विश्व कप समेत कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं की कवरेज की। सूरी को खेल जगत से जुड़ी हर छोटी-बड़ी घटनाओं का विश्लेषण सरल और सटीक अंदाज में करने की महारथ हासिल थी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट और यहां के कई उदयीमान क्रिकेटरों के बारे में उन्हे इतना गहरा ज्ञान था कि यही वजह थी कि उन्हें यूपी क्रिकेट का इन्साइक्लोपीडिया कहा जाता था। उनके साथी और वरिष्ठ पत्रकार असीम मुखर्जी और सैयद सबूर मोहम्मद का कहना है कि सूरी यूपी क्रिकेट पर एक किताब लिखना चाहते थे।

बर्लिन में जन्मे सूरी ने बेंगुलुरु में सीखा था पत्रकारिता का ककहरा

जर्मनी के बर्लिन में 1958 में जन्मे सूरी ने बेंगुलुरु में पत्रकारिता का ककहरा सीखा था। हालांकि गुजरात के जामनगर और पंजाब के पटियाला में भी उन्होने काफी समय गुजारा। सूरी पत्रकारिता के अलावा क्रिकेट खेलने के भी शौकीन थे। उन्होंने स्कूली क्रिकेट के अलावा कई क्रिकेट क्लबों में मध्यम तेज गेंदबाज के तौर पर प्रतिनिधित्व किया था। पूर्व भारतीय बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू के साथ भी उन्होंने क्रिकेट खेली जबकि 90 के दशक में लोकप्रिय शीशमहल क्रिकेट टूर्नामेंट में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसियेशन (डीसीए) एकादश की ओर से खेलते हुए उन्होंने अजय जडेजा को शून्य पर चलता किया था।

देशभर के खेल पत्रकारों में काफी लोकप्रिय संतोष सूरी के सानिध्य में कई युवा पत्रकारों ने खेल पत्रकारिता से जुड़ी बारीकियां सीखीं। वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर खेल पत्रकार संघों और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code