Homeहिन्दीचुनावकेरलम में सत्ता परिवर्तन का दावा : तिरुवल्ला की जनसभा में बोले...

केरलम में सत्ता परिवर्तन का दावा : तिरुवल्ला की जनसभा में बोले पीएम मोदी- 4 मई को बनेगी एनडीए सरकार

तिरुवल्ला (केरलम), 4 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तिरुवल्ला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि नौ अप्रैल को मतदान के बाद चार मई को भाजपा-एनडीए गठबंधन केरल में सरकार बनाएगा। तिरुवल्ला की सभा के बाद पीएम मोदी ने राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक भव्य रोडशो भी किया।

एनडीए को महिलाओं और आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा

पीएम मोदी ने ‘जय केरलम, जय विकासिता केरलम’ के नारे के अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि इस बार केरल में माहौल बदला हुआ है और राज्य एक ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि एनडीए को महिलाओं और आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने एनडीए उम्मीदवार अनूप की सराहना करते हुए उन्हें समर्पित और मेहनती नेता बताया। उन्होंने कहा कि अनूप पिछले पांच वर्षों से उनके साथ काम कर रहे हैं और अब केरल की सेवा के लिए तैयार हैं।

एलडीएफ और यूडीएफ पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों गठबंधनों ने लंबे समय तक केरल की उपेक्षा की है। उन्होंने खराब सड़कों, पुलों की कमी और मेडिकल सुविधाओं की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में केरल को पहले की तुलना में पांच गुना अधिक धनराशि मिली है, जिससे राज्य के विकास को गति मिली है।

महिलाओं और युवाओं पर फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए की नीतियों से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ है। शौचालय निर्माण, बैंक खाते, आवास और मुद्रा योजना के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना का जिक्र करते हुए बताया कि तीन करोड़ महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है और तीन करोड़ और बनाने का लक्ष्य है।

पूर्वोत्तर राज्यों और गोवा की भांति केरल का भी विकास संभव

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों और गोवा में एनडीए सरकारों ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और केरल में भी ऐसा ही विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सबरीमाला रेलवे परियोजना से क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने इस परियोजना में बाधाएं उत्पन्न की हैं।

डबल इंजन’ की ताकत से विकास को मिलेगी नई गति

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल में भाजपा-एनडीए की सरकार बनने पर ‘डबल इंजन’ की ताकत से विकास को नई गति मिलेगी और किसानों, मछुआरों व स्थानीय समुदायों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments