1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. यूपी विधानसभा : भाजपा विधायक सतीश महाना निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, 31 वर्षों बाद कानपुर से फिर स्पीकर
यूपी विधानसभा : भाजपा विधायक सतीश महाना निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, 31 वर्षों बाद कानपुर से फिर स्पीकर

यूपी विधानसभा : भाजपा विधायक सतीश महाना निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, 31 वर्षों बाद कानपुर से फिर स्पीकर

0
Social Share

लखनऊ, 29 मार्च। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक सतीश महाना उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के लिए मंगलवार को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। विधानसभा में कार्यवाहक अध्यक्ष रमापति शास्‍त्री ने कानपुर की महाराजपुर सीट से लगातार आठवीं बार जीत हासिल करने वाले 61 वर्षीय महाना के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।

कानपुर के हरिकिशन श्रीवास्तव 1990-91 में रहे विधानसभा  अध्यक्ष

रमापति शास्त्री ने सदन को बताया, ‘विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ सतीश महाना का नामांकन पत्र पात्र हुआ और उसके वैध होने पर उनके निर्वाचन की घोषणा करता हूं।’ देखा जाए तो 31 वर्षों बाद कानपुर के किसी राजनेता को यूपी विधानसभा में अध्यक्ष पद मिला है। इसके पूर्व हरिकिशन श्रीवास्तव यूपी विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 1990-1991 तक इस पद पर रहे।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 29 मार्च की तिथि तय की थी। 28 मार्च, सोमवार दो बजे तक विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होनी थी और अकेले सतीश महाना ने ही पर्चा भरा था। नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने अध्यक्ष पद के लिए महाना के नाम का प्रस्ताव रखा था,  जिसका एक अन्य वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्‍ना ने समर्थन किया था।

इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी महाना के नाम का प्रस्ताव और सपा के ही अवधेश प्रसाद ने समर्थन किया था। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह तथा कांग्रेस की आराधना मिश्रा के अलावा सत्‍ता पक्ष के साथ ही विपक्षी दलों ने भी महाना के नाम का प्रस्ताव और अपना समर्थन दिया था। वस्तुतः सोमवार को ही सतीश महाना का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था, लेकिन चुनावी प्रक्रिया के तहत इस आशय की औपचारिक घोषणा आज अपराह्न तीन बजे के बाद होनी थी।

विधानसभा में 1991 से लगातार रही है महाना की उपस्थिति

सतीश महाना की बात करें तो वह 1991 में पहली बार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और तब से उन्होंने लगातार अपनी उपस्थिति बनाए रखी है। वह बसपा-भाजपा गठबंधन की मायावती के नेतृत्व वाली सरकार में नगर विकास राज्‍य मंत्री के अलावा कल्‍याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह के नेतृत्व की सरकारों में भी मंत्री रह चुके हैं। पिछली विधानसभा में योगी आदित्यनाथ नीत सरकार में वह औद्योगिक विकास मंत्री थे।

लगभग 35 देशों का भ्रमण कर चुके सतीश महाना

विधानसभा की वेबसाइट के अनुसार, कानपुर में 14 अक्टूबर 1960 को राम अवतार महाना के घर जन्मे सतीश महाना मूल रूप से पंजाब के खत्री हैं और हिन्दू धर्म के अनुयायी हैं। कृषि, बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के कारोबार से जुड़े महाना ने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। जनसेवा, पठन-पाठन, पर्यटन और संगीत में गहरी रुचि रखने वाले महाना अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, रूस, सिंगापुर, मलेशिया, स्वीडन, नार्वे, न्यूजीलैंड, कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, चीन, जापान, स्विट्जरलैंड, और ऑस्ट्रेलिया समेत लगभग 35 देशों का भ्रमण कर चुके हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code