Site icon Revoi.in

एनडीए में शामिल हुई सुभासपा, अमित शाह बोले – ‘यूपी में गठबंधन को मजबूती मिलेगी’

Social Share

नई दिल्ली, 16 जुलाई। आगामी लोकसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर के नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो गई।

राजभर के राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के बाद यह घोषणा की गई। शाह ने एक ट्वीट में कहा, “ओम प्रकाश राजभर से दिल्ली में भेंट हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से जुड़ने का निर्णय लिया है। मैं राजग परिवार में उनका स्वागत करता हूं।”

गृह मंत्री ने कहा कि राजभर के आने से उत्तर प्रदेश में राजग मजबूत होगी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गठबंधन द्वारा गरीबों व वंचितों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को और बल मिलेगा। राजभर ने उत्तर प्रदेश का पिछला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन में लड़ा था, लेकिन उम्मीद के मुताबिक सफलता न मिलने के बाद वह सपा से अलग हो गए थे।

राजभर बोले – कमजोर वर्ग के लिए साथ मिलकर लड़ेगी भाजपा और सुभासपा 

वहीं गठबंधन की औपचारिकता पूरी होने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने एक ट्वीट में कहा, ‘गृह मंत्री, भारत सरकार अमित शाह जी से दिल्ली में भेंट हुई और प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन में शामिल होने का निर्णय लिया। मैं अमित शाह जी, प्रधानमंत्री जी, मुख्यमंत्री जी व जेपी जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं।’

उन्होंने कहा सामाजिक न्याय देश की रक्षा- सुरक्षा, सुशासन वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेगी।

ओपी राजभर ने पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था। राजभर की पार्टी ने वर्ष 2017 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था। सरकार बनने पर राजभर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने गठबंधन से नाता तोड़ लिया था और 2021 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर उतरी थी।