नई दिल्ली, 25 सितम्बर। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 28 से 30 सितम्बर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि हड़ताल की अवधि के दौरान सभी ATM ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। बैंक का कहना है कि यह फैसला ग्राहकों को निर्बाध बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने और हड़ताल के संभावित प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में एसबीआई ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए उसकी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसी के तहत 28 सितम्बर से 30 सितम्बर, 2026 के बीच ग्राहकों से किसी भी बैंक के एटीएम पर किए गए लेनदेन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कृपया ध्यान दें! 📢
प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी आपकी बैंकिंग जरूरतों के लिए SBI की सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी।
ATM | YONO | Mobile Banking | Internet Banking | WhatsApp Banking और 24×7 SBI Contact Centre के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाएँ।
📞 1800 1234 | 1800 2100
सुविधाजनक… pic.twitter.com/rBRez6XXNf
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) September 24, 2026
ग्राहकों की सुविधा के मद्देजनर बैंक की सभी शाखाएं रविवार को खुली रहेंगी
बैंक ने यह भी बताया कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उसकी सभी शाखाएं रविवार, 27 सितम्बर को भी खुली रहेंगी। इसके अलावा यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी ऑनलाइन भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, जिससे डिजिटल माध्यम से लेनदेन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
इस रविवार, 27 सितंबर 2026 को, आपकी बैंकिंग जरूरतों का ध्यान रखने के लिए SBI की सभी शाखाएँ खुली रहेंगी।
आप अपनी निकटतम SBI शाखा में बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
हम आपकी सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं। pic.twitter.com/Hh5vOpcrZl
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) September 25, 2026
सरकार ने भी आम लोगों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को रविवार को खुला रखने का निर्देश दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितम्बर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूर्ण रूप से संचालित रखने की अनुमति दे दी है।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को सामान्य रूप से कार्य करेंगे। मंत्रालय के अनुसार, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितम्बर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल ऐसे समय रखी गई है, जब उससे पहले 26 और 27 सितम्बर को सप्ताहांत की छुट्टियां भी हैं। ऐसे में यदि विशेष व्यवस्था नहीं की जाती तो बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।
सरकार का कहना है कि आम नागरिकों की सुविधा और बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील भी की है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं कि आवश्यक बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रह सकें।


