1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. सऊदी अरब ने विदेशी कामगारों के लिए वीजा नियमों को सख्त बनाया, भारतीय कामगारों पर पड़ सकता है असर
सऊदी अरब ने विदेशी कामगारों के लिए वीजा नियमों को सख्त बनाया, भारतीय कामगारों पर पड़ सकता है असर

सऊदी अरब ने विदेशी कामगारों के लिए वीजा नियमों को सख्त बनाया, भारतीय कामगारों पर पड़ सकता है असर

0
Social Share

नई दिल्ली, 28 नवम्बर। सऊदी अरब सरकार ने विदेशी घरेलू कामगारों की भर्ती के लिए जारी किए जाने वाले वीजा नियमों को सख्त बना दिया है। नए नियमों के तहत 24 वर्ष से कम उम्र का कोई भी अविवाहित नागरिक घरेलू कार्यों के लिए अब विदेशी कामगारों को नहीं रख सकेगा। सऊदी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट ‘सऊदी गैजेट’ में यह जानकारी दी गई है।

24 वर्ष से कम उम्र के नागरिक अब नहीं रख सकेंगे विदेशी कामगार

सऊदी मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय के अनुसार, नए नियमों के तहत सऊदी अरब के अविवाहित पुरुषों या महिलाओं के लिए घरेलू काम के लिए विदेशी कामगारों की भर्ती करना अब तनिक मुश्किल हो गया है। अब कोई भी अविवाहित सऊदी नागरिक 24 वर्ष की वय पूरी करने के बाद ही घरेलू कामकाज के लिए किसी विदेशी नागरिक को काम पर रख सकता है। इन शर्तों के पूरा होने के बाद ही उस विदेशी कामगार के लिए वीजा जारी किया जाएगा।

सऊदी अरब में काम करते हैं लगभग 26 लाख भारतीय

सऊदी अरब का यह फैसला भारत के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हर वर्ष बड़ी संख्या में भारतीय काम करने के लिए वहां जाते हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार लगभग 26 लाख भारतीय सऊदी अरब में काम करते हैं। अब भारतीय समेत विदेशी कामगार सऊदी अरब में 24 वर्ष से कम उम्र वाले अविवाहित नागरिकों के घर हाउस हेल्पर का काम नहीं कर सकेंगे।

कामगारों को वीजा जारी करने के लिए अलग प्लेटफॉर्म

वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब ने यह निर्णय घरेलू श्रम बाजार को सुव्यवस्थित और विनियमित करने के लिए उठाया है। सऊदी मानव संसाधन मंत्रालय ने बकायदा ग्राहकों (नियोक्ता) के लिए Musaned प्लेटफॉर्म की भी स्थापना की है, जहां, उनके अधिकारों, कर्तव्यों और संबंधित कामों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही कामगारों के लिए वीजा जारी करने और श्रमिकों के बीच बातचीत करने की व्यवस्था की गई है।

Musaned प्लेटफॉर्म पर ही कामगारों को वेतन ट्रांसफर करने की सुविधा

इसके अलावा Musaned प्लेटफॉर्म पर ही STC पे और Urpay के माध्यम से कामगारों को वेतन ट्रांसफर करने की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही घरेलू श्रम अनुबंधों के प्रमाणीकरण और विवादों के समाधान जैसी सुविधाएं भी हैं। यानी यह प्लेटफॉर्म सऊदी अरब में घरेलू श्रमिकों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक मंच प्रदान करता है।

इसका मकसद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ नियोक्ता और श्रमिकों के बीच किसी भी प्रकार के विवादों को सुलझाने और दोनों के अधिकारों को सुनिश्चित करना है। घरेलू कामगारों की विभिन्न श्रेणियां हैं, जिनमें नौकर, ड्राइवर, सफाईकर्मी, रसोइया, गार्ड, किसान, दर्जी, लिव-इन नर्स और ट्यूटर शामिल हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code