1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. उत्तर प्रदेश : सतीश महाना का विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय, कल होगा औपचारिक एलान
उत्तर प्रदेश : सतीश महाना का विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय, कल होगा औपचारिक एलान

उत्तर प्रदेश : सतीश महाना का विधानसभा अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय, कल होगा औपचारिक एलान

0
Social Share

लखनऊ, 28 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक सतीश महाना का सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिले के साथ ही निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार को की जाएगी। परम्परा के अनुसार किसी अन्य दल के विधायक ने नामांकन दाखिल नहीं किया और सबसे बड़े विपक्षी दल समाजवादी पार्टी सहित अन्य पार्टियों ने महाना का समर्थन किया।

उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा में विधानसभा सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह की प्रक्रिया के अंतर्गत भाजपा के सबसे वरिष्ठ सदस्य 62 वर्षीय सतीश महाना ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। चूंकि विधानसभा सदन में सत्ता पक्ष के विधायकों का बहुमत है, लिहाजा उनका निर्विरोध निर्वाचन भी तय हो गया। कानपुर के महाराजपुर से लगातार आठवीं बार विधायक चुने गए महाना के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्रियों – केशव प्रसाद व मौर्य बृजेश पाठक सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष अखिलेश का महाना को समर्थन, आराधना ने भी नाम प्रस्तावित किया

इस बीच विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए विधानसभा सदन में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी सतीश महाना को समर्थन दिया। इसके साथ ही कांग्रेस की नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने भी विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सतीश महाना का नाम वरिष्ठ सदस्य के रूप में प्रस्तावित किया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी उनके प्रस्तावक बने। अब मंगलवार को अपराह्न लगभग तीन बजे औपचारिक रूप से सतीश महाना के विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होने का एलान किया जाएगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code