1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. उमशंकर सिंह के निधन से दुखी बसपा प्रमुख मायावती बोलीं- ‘वह मुझे अपनी सगी बहन मानते थे, कभी नहीं किया विश्वासघात’
उमशंकर सिंह के निधन से दुखी बसपा प्रमुख मायावती बोलीं- ‘वह मुझे अपनी सगी बहन मानते थे, कभी नहीं किया विश्वासघात’

उमशंकर सिंह के निधन से दुखी बसपा प्रमुख मायावती बोलीं- ‘वह मुझे अपनी सगी बहन मानते थे, कभी नहीं किया विश्वासघात’

0
Social Share

लखनऊ, 6 अगस्त। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के दिवंगत इकलौते विधायक उमा शंकर सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की। बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह ब्रेन कैंसर से पीड़ित थे और बुधवार को गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में उनका निधन हुआ।

उमाशंकर सिंह के निधन से दुःख में डूबी मायावती ने कहा, ‘BSP में शामिल होने के बाद से ही उमा शंकर सिंह ने पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ पार्टी की सेवा की। उन्होंने अपनी हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। BSP में रहते हुए वे न केवल अपने चुनाव क्षेत्र, बल्कि पूरे समाज के प्रति भी समर्पित रहे। वे हमारी पार्टी के सच्चे समर्पित नेता थे।’

पेश की ईमानदारी की मिसाल’ : मायावती

मायावती ने कहा, ‘लंबी बीमारी के बाद कल उनके निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार और सभी रिश्तेदारों के साथ हैं। भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन मैं उनके परिवार से कहना चाहती हूं कि उमा शंकर सिंह ने जीवनभर ईमानदारी की मिसाल पेश की। सरकारें बदलीं, राजनीतिक उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उन्होंने कभी पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया। सच्चे अर्थों में, वे मुझे अपनी सगी बहन मानते थे।’

सीएम योगी ने भी लखनऊ स्थित आवास पर जाकर दी श्रद्धांजलि

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दिवंगत नेता के लखनऊ स्थित आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

उमाशंकर सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए बलिया ले जाया जा रहा है, जहां महावीर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code