रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान देश के अगले सीडीएस नियुक्त, बिपित रावत के निधन के बाद से खाली था पद

नई दिल्ली, 28 सितम्बर। भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) के रूप में नियुक्त किया है। पिछले वर्ष हेलीकॉप्टर हादसे में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से ही यह पद खाली पड़ा था। अब करीब 10 माह बाद सरकार ने अगले सीडीएस की नियुक्ति की है।

रक्षा मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में नियुक्त किया। वह भारत सरकार में सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।

गौरतलब है कि बीते वर्ष आठ दिसम्बर को सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 12 अन्य सेना के जवान सुलूर एयरबेस से वेलिंगटन एयरबेस के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हुए थे। अपने गंतव्य तक पहुंचने के कुछ मिनट पहले सुलूर एयरबेस कंट्रोल रूम का हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था और वह हादसे का शिकार हो गया था।

दुर्घटना से पहले स्थानीय लोगों द्वारा कैप्चर किए गए हेलीकॉप्टर के दृश्यों से पता चला था कि हेलीकॉप्टर कम ऊंचाई पर उड़ रहा था और बादल छाए हुए थे। दुर्घटना में मारे गए 13 अन्य लोगों में बिपिन रावत के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के स्टाफ ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह और पायलट ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी शामिल थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular