मुंबई, 8 सितम्बर। बॉलीवुड की लोकप्रिय जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह मम्मी-पापा बन गए हैं। दीपिका ने रविवार को अपनी पहली संतान के रूप में बेटी को जन्म को दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी है।
View this post on Instagram
फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह संग नवम्बर, 2018 में शादी रचाने वालीं एक्ट्रेस दीपिका शनिवार दोपहर मुंबई के गिरगांव इलाके में स्थित एचएन रिलायंस हॉस्पिटल में एडमिट हुई थीं। उनके साथ रणवीर और परिवार वाले भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार रणवीर की मां और बहन भी हॉस्पिटल पहुंची थीं।
उल्लेखनीय है कि दीपिका ने इसी वर्ष 28 फरवरी को सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी अनाउंस की थी। उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर लिखा था कि वे सितम्बर 2024 में बच्चे को जन्म देंगी। दिलचस्प तो यह है कि रणवीर ने बीते दिनों एक इंटरव्यू में भी इच्छा जाहिर की थी कि वह दीपिका जैसी बेटी ही चाहते हैं।

इससे पहले छह सितम्बर को दीपिका पति रणवीर सिंह के साथ बप्पा का दर्शन करने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंची थीं। इस खास मौके पर दोनों के परिवारीजन भी मौजूद रहे। दोनों के कई वीडियोज भी सामने आए थे, जिसमें प्रेग्नेंट दीपिका को रणवीर सहारा देते दिखे थे।

