BRICS Summit 2026: राहुल-प्रियंका ने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम से की मुलाकात, नाश्ते पर हुई बातचीत

नई दिल्ली, 13 सितंबर। नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुलाकात की। दोनों नेताओं की मलेशियाई प्रधानमंत्री से नाश्ते पर मुलाकात हुई। कांग्रेस ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की हैं। कांग्रेस ने पोस्ट में बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली में मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम से नाश्ते पर मुलाकात की।

ब्रिक्स सम्मेलन के सत्र में शामिल हुए अनवर इब्राहिम

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के तौर पर हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। उन्होंने शनिवार को ब्रिक्स सम्मेलन के ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ विषय पर आयोजित सत्र में भाग लिया। इसके अलावा अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स देशों के अन्य नेताओं के साथ नई दिल्ली में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। शनिवार शाम वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में भी शामिल हुए।

पीएम मोदी समेत कई नेताओं से की द्विपक्षीय मुलाकात

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच हुई बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान अनवर इब्राहिम ने मलेशिया के सबाह प्रांत के कोटा किनाबालू में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थापित करने पर मलेशिया की सहमति भी जताई।

व्यापार से सेमीकंडक्टर तक सहयोग पर हुई चर्चा

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में साझेदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की। दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान के बीच संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के लगातार सहयोग की सराहना की।

केरल में भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मिलेंगे अनवर इब्राहिम

नई दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम केरल जाने वाले हैं। यहां उनकी भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात प्रस्तावित है। अनवर इब्राहिम ने एक्स पर बताया कि भारत यात्रा के दौरान उनके कार्यक्रम में केरल की यात्रा और भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात भी शामिल है। इस दौरान सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा।

भारत के बाद मालदीव जाएंगे मलेशियाई पीएम

अनवर इब्राहिम ने बताया कि भारत में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद वह मालदीव जाएंगे। उन्होंने कहा कि मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर वह आधिकारिक यात्रा पर माले पहुंचेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा सफल रहेगी और इससे दोनों देशों के लोगों को वास्तविक लाभ मिलेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular