BRICS Summit 2026: WHO प्रमुख ने पीएम मोदी का जताया आभार, ‘हेल्थ फॉर ऑल’ को लेकर ब्रिक्स की प्रतिबद्धता की सराहना

नई दिल्ली, 13 सितंबर। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उनका आभार जताया है। उन्होंने वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने और ‘हेल्थ फॉर ऑल’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए ब्रिक्स देशों की प्रतिबद्धता की सराहना की। घेब्रेयसस ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स नेताओं की ओर से WHO और बहुपक्षवाद को मिले मजबूत समर्थन की वह सराहना करते हैं।

नई दिल्ली घोषणा में स्वास्थ्य को लेकर कई अहम प्रतिबद्धताएं

WHO प्रमुख ने कहा कि नई दिल्ली घोषणा 2026 में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, मजबूत और लचीली स्वास्थ्य प्रणालियों तथा ‘हेल्थ फॉर ऑल’ को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। घोषणा में महामारी समझौते के तहत पैथोजन एक्सेस एंड बेनिफिट शेयरिंग एनेक्स पर वार्ता सफलतापूर्वक पूरी करने, टीबी उन्मूलन के प्रयासों, स्वास्थ्यकर्मियों को मजबूत करने, डिजिटल स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा के एकीकरण पर भी जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर

शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान ‘नई दिल्ली घोषणा 2026’ को अपनाया गया। इसमें वैश्विक स्वास्थ्य पहलों में सहयोग बढ़ाने का स्वागत किया गया। ब्रिक्स नेताओं ने लचीले, समावेशी और लोगों को केंद्र में रखने वाले दृष्टिकोण के जरिए सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।घोषणा में कहा गया कि ब्रिक्स देशों के बीच निरंतर सहयोग जरूरी है। स्वास्थ्य परिणामों में सुधार के लिए देशों को अपने अनुभव, नवाचार और सर्वोत्तम प्रक्रियाएं साझा करनी चाहिए। नेताओं ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया और विश्व स्वास्थ्य संगठन की महत्वपूर्ण समन्वयकारी भूमिका को रेखांकित किया।

टीबी को बताया गंभीर वैश्विक चुनौती

ब्रिक्स नेताओं ने जुलाई में चंडीगढ़ में हुई 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के परिणामों का भी स्वागत किया। नेताओं ने टीबी को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताया। घोषणा में टीबी से निपटने के लिए समन्वित कार्रवाई, निरंतर निवेश, अनुसंधान और अनुभवों व नवाचारों के प्रभावी आदान-प्रदान की जरूरत पर जोर दिया गया। साथ ही टीबी उन्मूलन की दिशा में देशों और संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। इसके लिए आपसी सहयोग बढ़ाने, तकनीक साझा करने और टीबी अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

WTO प्रमुख ने भी पीएम मोदी के समर्थन की सराहना की

इस बीच विश्व व्यापार संगठन (WTO) की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत के बाद बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली (MTS) और WTO सुधार को लेकर उनके समर्थन का आभार जताया। इवेला ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली और WTO की स्थिति पर सार्थक बातचीत हुई। इस दौरान संगठन में सुधार से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली के साथ-साथ सार्थक WTO सुधार के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है।

भारत कर रहा 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी

ब्रिक्स के 2026 के अध्यक्ष के तौर पर भारत नई दिल्ली के भारत मंडपम में दो दिवसीय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन शनिवार से शुरू हुआ। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मार्गदर्शन ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ थीम से हो रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ह्युमैनिटी फर्स्ट’ की भावना पर आधारित जन-केंद्रित दृष्टिकोण की परिकल्पना को दर्शाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular