राहुल गांधी ने खाली किया सरकारी आवास, मां सोनिया के घर शिफ्ट किया सामान

नई दिल्ली, 14 अप्रैल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्य के तौर पर मिले 12 तुगलक लेन स्थित सरकारी आवास को खाली कर दिया है। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसदी जाने के बाद राहुल को 22 अप्रैल तक बंगला खाली करने की नोटिस मिली थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित तिथि से पहले ही बंगला छोड़ दिया।

राहुल गांधी के घर का सामान व यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर शिफ्ट किया गया है। शुक्रवार शाम को कई ट्रक 12 तुगलक लेन स्थित राहुल गांधी के आवास पहुंचे और वहां से उनका सामान लादकर मां सोनिया गांधी के घर पर छोड़ा गया।

‘मोदी सरनेम‘ मसले पर कोर्ट से सजा के बाद चली गई थी सांसदी

गौरतलब है कि ‘मोदी सरनेम’ पर 2019 में आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में राहुल गांधी को बीते महीने ही सूरत की अदालत ने दोषी ठहराते हुए दो साल की सजा सुनाई थी। इस सजा के बाद राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता चली गई थी और इसके बाद उन्हें बंगला खाली करने की नोटिस मिली थी।

राहुल ने अपनी सजा को सूरत के सेशंस कोर्ट में दे रखी है चुनौती

राहुल गांधी ने इस सजा को सूरत के ही सेशंस कोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर गुरुवार को सुनवाई हुई, लेकिन अब भी इस पर बहस जारी है। अदालत ने इस मामले में 20 अप्रैल को अगली सुनवाई का फैसला लिया है। यदि सेशंस कोर्ट या फिर ऊपरी अदालत से राहुल गांधी की सजा को खारिज अथवा कम किया जाता है तो फिर उनकी सांसदी बहाल हो सकती है।

इससे पहले लक्षद्वीप के सांसद मोहम्मद फैजल की सांसदी भी सजा पर रोक के चलते बहाल हो गई थी। उन्हें हत्या के प्रयास के मामले में 10 साल कैद की सजा सुनाई गई थी, जिस पर केरल हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular