उपचुनाव परिणाम पर बोले राहुल गांधी – ‘संविधान की रक्षा के लिए जनता I.N.D.I.A. के साथ’

नई दिल्ली, 13 जुलाई। लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को कदाचित विचलित करने के बाद सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मिली शानदार से उत्साहित विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के घटक दल गद्गद् हो
उठे हैं।

दरअसल, शनिवार को घोषित किए गए उपचुनाव के परिणमों में भाजपा सिर्फ दो सीटें जीत सकी जबकि I.N.D.I.A. ब्लॉक के घटक दलों ने 10 सीटों पर कब्जा कर लिया। वहीं बिहार की रुपौली सीट पर न सिर्फ सत्ताधारी जदयू वरन राजद को भी झटका लगा और बाहुबली नेता शंकर सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर बाजी मार ली।

उपचुनाव परिणामों पर एक नजर 

कांग्रेस की बात करें तो उसने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो-दो सीटें जीतकर भाजपा के माथे पर फिर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों से साफ है कि देश की जनता I.N.D.I.A. ब्लॉक के साथ है।

भाजपा द्वारा बुना गया भय और भ्रमका जाल टूट चुका है

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सात राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा द्वारा बुना गया ‘भय और भ्रम’ का जाल टूट चुका है। किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा समेत हर वर्ग तानाशाही का समूल नाश कर न्याय का राज स्थापित करना चाहता है। अपने जीवन की बेहतरी और संविधान की रक्षा के लिए जनता अब पूरी तरह से I.N.D.I.A. के साथ खड़ी है। जय हिन्दुस्तान, जय संविधान।”

वहीं, प्रियंका गांधी ने एक पोस्ट में कहा कि सात राज्यों की 13 सीटों पर हुए उपचुनाव में देश की जनता ने अपना समर्थन INDIA गठबंधन को दिया है। देवभूमि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कांग्रेस और I.N.D.I.A. के सभी विजयी प्रत्याशियों को बहुत-बहुत बधाई।’

प्रियंका बोलीं – हम युवा भारत की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति संकल्पबद्ध

प्रियंका ने आगे कहा, ‘देश की जनता यह समझ चुकी है कि 100 साल पीछे और 100 साल आगे भटकाने वाली राजनीति से देश का भला नहीं होने वाला है। जनता को सकारात्मक राजनीति चाहिए, जो वर्तमान को बेहतर करे और भविष्य के उज्ज्वल होने का स्पष्ट खाका तैयार करे। हम युवा भारत की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति संकल्पबद्ध हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular