बेगूसराय की चुनावी रैली में बोले राहुल गांधी – ‘बिहार के लोग दुनिया भर में आगे हैं, लेकिन यहां पिछड़े हुए हैं’

बेगूसराय, 2 नवम्बर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान के तहत रविवार को बेगूसराय में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। ‎उन्होंने कहा कि बिहार के लोग दुनिया भर में आगे हैं, लेकिन यहां पिछड़े हुए हैं। यहां की सरकार नहीं चाहती कि बिहार के लोग आगे बढ़ें। वे यहां के लोगों की मदद नहीं करते। वे चाहते हैं कि यहां के लोग मजदूरी करते रहें। यही वजह है कि दुबई जैसा शहर बिहार के लोगों ने बनाया है, लेकिन वे यहां कुछ नहीं कर पाते।

दुबई जैसा शहर बिहार के लोगों ने बनाया, लेकिन वे यहां कुछ नहीं कर पाते ‎ ‎

राहुल गांधी ने कहा, ‘महागठबंधन की सरकार आएगी तो यहां बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था की जाएगी। हम ऐसा विश्वविद्यालय खोलेंगे, जहां दुनिया के लोग पढ़ने आएंगे। यहां के लोग दुनिया में मेहनत कर उसे बनाते हैं।’ उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए आगे कहा कि यहां जो महागठबंधन की सरकार बनने वाली है, वह हर धर्म, हर जाति की सरकार होगी। इसमें हर वर्ग के लिए जगह होगी और सभी का सम्मान होगा।

हमने अति पिछड़ा वर्ग के लिए एक स्पेशल मेनिफेस्टो बनाया है

कांग्रेस नेता ने दावा करते हुए कहा, “हमने अति पिछड़ा वर्ग के लिए एक ‘स्पेशल मेनिफेस्टो’ बनाया है, जिसे हम लागू करेंगे। हम सबको लेकर आगे बढ़ेंगे। किसी को यह सरकार पीछे नहीं छोड़ेगी। हमारी प्राथमिकता छोटे व्यापारी होंगे।’ उन्होंने केंद्र सरकार पर गलत जीएसटी लागू करने और नोटबंदी करने को लेकर निशाना साधते हुए कहा, ‘इससे छोटा व्यापार बंद हो गया। हमारी सोच है कि यहां छोटे-छोटे व्यापार शुरू हों और लोगों को रोजगार मिल सके।” ‎

चुनाव आयोग ने महागठबंधन के वोटरों को काटकर बाहर निकाला

राहुल गांधी ने महागठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा कि बिहार में चुनाव आयोग ने महागठबंधन के वोटरों को काटकर बाहर निकाला है। उन्होंने लोगों से वोट चोरी रोकने की भी अपील करते हुए कहा कि ये लोग बिहार में भी वोट चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि चुनाव आते हैं और जाते हैं। इस चुनाव में कोई जीते, कोई हारे, लेकिन वे बिहार के लोगों की मदद के लिए आते रहेंगे। यहां के लोग जब भी आवाज देंगे, वे उनके बीच आ जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular