बिहार : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को मकान कब्जे के मामले में मिली जमानत, लेकिन अन्य केस में पुलिस रिमांड पर
पटना, 10 फरवरी। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को मकान कब्जे के एक मामले में पटना सिविल कोर्ट के एमपी/एमएलए कोर्ट से मंगलवार को जमानत मिल गई। हालांकि पुलिस ने बाहुबली नेता को दो नए मामलों में रिमांड पर ले लिया है। इस कारण सांसद को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
कोतवाली थाना और बुद्धा कॉलोनी थाना के प्रोडक्शन मामले में पुलिस ने कोर्ट से पप्पू यादव की रिमांड मांगी थी। इसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी, जिसके बाद पप्पू यादव को जेल में ही रहना होगा। पूर्णिया सांसद पिछले तीन दिनों से बेऊर जेल में बंद थे। सुनवाई के लिए उन्हें मध्याह्न बाद करीब 12.30 बजे कोर्ट लाया गया था, जहां दोपहर दो बजे से जमानत याचिका पर सुनवाई शुरू हुई। इस दौरान पप्पू यादव ह्वीलचेयर पर बैठे नजर आए।
मकान पर कब्जे के 21 वर्ष पुराने मामले में हुई थी गिरफ्तारी
उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी शुक्रवार को 31 वर्ष पुराने एक मामले में हुई थी। उनके समर्थकों का आरोप है कि वह हाल में नीट छात्रा की मौत का मुद्दा उठा रहे थे, इसी वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया। हालांकि पप्पू यादव पर अवैध रूप से एक मकान पर कब्जा करने का आरोप लगा था। इस मामले में उनके खिलाफ वर्ष 1995 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
लंबे समय तक लंबित रहे इस केस में जब पुलिस ने काररवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी की तो हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला था। गिरफ्तारी के दौरान और उसके बाद काफी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। समर्थकों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण माहौल भी बना रहा। गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नियमित मेडिकल जांच कराई गई।
चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पप्पू यादव को पटना स्थित बेउर जेल भेज दिया गया था। पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई 9 जनवरी सोमवार को होनी थी। हालांकि वकीलों द्वारा पेन डाउन रहने के कारण कल सुनवाई नहीं हो सकी थी।
पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने सिविल कोर्ट के बाहर बताया कि अदालत ने गर्दनीबाग कांड संख्या 552/95 में उनके मुवक्किल को जमानत दे दी है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेल बॉन्ड टूटने से जुड़ा था और कोर्ट ने सभी कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद बेल मंजूर की है।
बुद्धा कॉलोनी थाना में दर्ज मामले की सुनवाई बुधवार को होगी
वकील के अनुसार न्यायिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पप्पू यादव को बाहर आना था, लेकिन एक अन्य केस के कारण फिलहाल रिहाई नहीं हो सकी। बुद्धा कॉलोनी थाना में दर्ज मामले की सुनवाई बुधवार को होनी है। इस सुनवाई के बाद यह साफ हो पाएगा कि पप्पू यादव को इस केस में भी जमानत मिलती है या उन्हें कुछ और समय जेल में रहना पड़ेगा।
