पीटी उषा, इलैयाराजा, ‘बाहुबली’ फिल्म के लेखक विजयेंद्र प्रसाद और वीरेंद्र हेगड़े राज्यसभा के लिए मनोनीत

नई दिल्ली, 6 जुलाई। महान संगीतकार इलैयाराजा, प्रख्यात  ओलंपियन धाविका दिग्गज एथलीट पीटी उषा, समाजसेवी वीरेंद्र हेगड़े और फिल्म निर्देशक व ‘बाहुबली’ फिल्म के लेखक वी. विजयेंद्र प्रसाद राज्यसभा के लिए मनोनीत किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए इन नए माननीयों को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों की 12 ख्यातिनाम हस्तियों को राज्यसभा में मनोनीत करते हैं।

पीएम मोदी ने राज्यसभा के लिए मनोनीत होने पर सभी हस्तियों को बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली पी.टी. उषा जी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियों को व्यापक रूप से पहचाना जाता है, हालांकि, पिछले कई वर्षों में उभरते एथलीटों का मार्गदर्शन करने के लिए उनका काम भी उतना ही सराहनीय है। राज्यसभा के लिए मनोनीत होने पर उन्हें बधाई।’

अलग-अलग ट्वीट में अपने बधाई संदेशों के साथ उषा और इलैयाराजा के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘इलैयाराजा की रचनात्मक प्रतिभा ने पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को मंत्रमुग्ध किया है। उनका कार्य भावनाओं को खूबसूरती से दर्शाता है। उनकी जीवन यात्रा भी उतनी ही प्रेरक है, वह सामान्य पृष्ठभूमि से आये और बहुत कुछ हासिल किया। खुशी है कि उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।’

पीएम मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘वी. विजयेंद्र प्रसाद गारू दशकों से रचनात्मक दुनिया से जुड़े हुए हैं। उनकी रचनाएं भारत की गौरवशाली संस्कृति को प्रदर्शित करती हैं और विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं।’

प्रधानमंत्री ने वीरेंद्र हेगड़े को बधाई देते हुए कहा, ‘वीरेंद्र हेगड़े जी उत्कृष्ट सामुदायिक सेवा में सबसे आगे हैं। मुझे धर्मस्थल मंदिर में प्रार्थना करने और स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे महान कार्यों को देखने का अवसर मिला है। वह निश्चित रूप से संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करेंगे।’

RELATED ARTICLES

Most Popular