1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार के सभी मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक, सीएम नीतीश से अमीर हैं उनके पुत्र निशांत
बिहार के सभी मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक, सीएम नीतीश से अमीर हैं उनके पुत्र निशांत

बिहार के सभी मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक, सीएम नीतीश से अमीर हैं उनके पुत्र निशांत

0
Social Share

पटना, 1 जनवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सभी मंत्रियों ने अपनी-अपनी संपत्ति का ब्यौरा शुक्रवार की रात जारी कर दिया। आंकड़ों के अनुसार नीतीश कैबिनेट के अंदर कई चेहरे ऐसे हैं, जिनके पास 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, राज्‍य की परिवहन मंत्री सहित कुछ और मंत्रियों के पास अपना वाहन तक नहीं है जबकि कई ऐसे मंत्री हैं, जो कर्ज तले दबे हुए हैं।

निशांत के पास पिता के मुकाबले 2.87 करोड़ ज्यादा संपत्ति

एक दिलचस्प आंकड़ा यह भी है कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से अधिक संपत्ति उनके बेटे निशांत कुमार के पास है। नीतीश ने अपनी संपत्ति में एक सिलाई मशीन का भी जिक्र किया है। उनके पास कुल संपत्ति 75 लाख 36 हजार 626 रुपये की है। हालांकि उनके बेटे निशांत के पास तीन करोड़ 62 लाख से ज्यादा की संपत्ति है। इस तरह से पिता की तुलना में 2 करोड़ 87 लाख 12 हजार 410 रुपये की ज्यादा संपत्ति उनके पुत्र निशांत के पास है।

पैतृक संपत्ति के कारण पिता से ज्यादा अमीर हैं निशांत

बताया गया कि ऐसा निशांत के पैतृक संपत्ति के कारण है। घोषित जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के पास 16,51,626 रुपए की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति 58,85,000 रुपये की है। उनके नाम पर संसद विहार को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग कॉलोनी (द्वारका, दिल्ली) में एक फ्लैट है।

सीएम नीतीश के पास 13 गायें और उनके नौ बच्चे

सीएम नीतीश के पास 13 गायें और उनके नौ बच्चे हैं। 13 हजार रुपये की एक्सरसाइज साइकिल है। उनकी संपत्ति के ब्यौरे में चाराकल, माइक्रोवेव ओवन, ओटीजी, वॉशिंग मशीन के दाम भी दर्ज हैं। वहीं निशांत की चल संपत्ति 1,63,79,422 रुपये तथा अचल संपत्ति 1,98,69,614 रुपये की है। नीतीश कुमार के पास 29,385 रुपए नकदी है, तो निशांत के पास 16,549 रुपये।

 

इस प्रकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चल-अचल संपत्ति की कीमत सालभर में 57 लाख रुपये से बढ़कर करीब 75 लाख रुपये हो गई है। मुख्यमंत्री ने विधान परिषद से एक लाख रुपये का एक लैपटॉप ले रखा है। हालांकि वह इस वर्ष भी 2015 मॉडल की फोर्ड इको सपोर्ट कार की ही सवारी कर रहे है, जिसकी वर्तमान कीमत 11 लाख 32 हजार 753 है। बेटे के नाम पर हुंडई ग्रैंड आई-10 अस्टा मॉडल की गाड़ी है। इसकी मौजूदा कीमत छह लाख 40 हजार 789 है। मुख्यमंत्री 94 हजार 600 रुपये मूल्य की दो सोने और एक चांदी की अंगूठ पहनते हैं।

उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की कुल संपत्ति 2.28 करोड़

मुख्यमंत्री के बाद उनके उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के पास कुल संपत्ति 2.28 करोड़ की है जबकि उप मुख्यमंत्री रेणु देवी के पास चल संपत्ति 42.26 लाख की है। रेणु देवी के पास 25 लाख रुपये के गहने के अलावा एक पिस्तौल और एक राइफल भी है।

संजय झा, मुकेश सहनी और रामसूरत सबसे अमीर मंत्री

हालांकि संजय कुमार झा, मुकेश सहनी रामसूरत राय व सम्राट चौधरी नाम राज्य के सबसे अमीर मंत्रियों की सूची में शामिल हैं। मंत्री रामसूरत की संपत्ति में सालभर के अंदर करीब एक करोड़ की वृद्धि हुई। इसके विपरीत सबसे कम संपत्ति अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जामा खान के पास है। उनके पास केवल 62.17 लाख रुपये की संपत्ति है।

संजय कुमार झा के पास अपनी पत्नी की संपत्ति जोड़कर कुल 14.78 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास 8.35 करोड़ की चल संपत्ति और 6.42 करोड़ की अचल संपत्ति है। मुकेश सहनी के पास 11.55 करोड़ की संपत्ति है, जिसमें अचल संपत्ति 9.73 करोड़ की है। रामसूरत के पास 11.34 करोड़ की संपत्ति है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code