प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित, अपर्णा यादव और दोनों बेटियों के साथ स्वामी रामदेव भी रहे मौजूद
हरिद्वार, 16 मई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के दिवंगत छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार लाई गईं और वीआईपी घाट पर पूरे विधि विधान के साथ गंगा में विसर्जित कर दी गईं।
प्रतीक यादव की पत्नी व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, उनकी दोनों बेटियां, योगगुरु स्वामी रामदेव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव व सांसद आदित्य यादव समेत कई सपा नेता अस्थि विसर्जन कर्म में मौजूद रहे। यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने अस्थि कर्म संपन्न कराया। इस दौरान अपर्णा यादव भावुक नजर आईं। प्रतीक यादव के चचेरे भाई सांसद आदित्य यादव ने अस्थि कर्म कराया।

योगगुरु बोले – गो माता की सेवा और सनातन धर्म में उनकी अटूट निष्ठा थी
योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव का असमय जाना पूरे परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। गो माता की सेवा और सनातन धर्म में उनकी अटूट निष्ठा थी। प्रतीक यादव बहुत ही हंसमुख और मिलनसार व्यक्ति थे। वह गोशाला चलाते थे और उनका जीवन बहुत ही प्रमाणिक आदर्श जीवन रहा। ईश्वर प्रतीक यादव की दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करे।
स्वामी रामदेव ने कहा कि किसी को भी विश्वास नहीं था कि प्रतीक यादव इतनी कम उम्र में सबको छोड़कर चले जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जिम के साथ साथ योग करना भी आवश्यक है। जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन कभी भी अपने पथ से हटना नहीं है।

शिवपाल यादव के सांसद पुत्र आदित्य ने अस्थि कर्म संपन्न कराया
यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने बताया कि शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव अस्थि कलश लेकर हरिद्वार आए थे। उन्होंने ही अस्थि कर्म संपन्न कराया है। मां गंगा से प्रार्थना की गई है कि वह प्रतीक यादव की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को गहरा दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ज्ञातव्य है कि गत 13 मई को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
