1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. सीएम योगी ने गोरखपुर को दी बड़ी सौगात : 393 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का किया शिलान्यास
सीएम योगी ने गोरखपुर को दी बड़ी सौगात : 393 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का किया शिलान्यास

सीएम योगी ने गोरखपुर को दी बड़ी सौगात : 393 करोड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का किया शिलान्यास

0
Social Share

गोरखपुर, 16 मई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को बड़ी सौगात देते हुए शनिवार को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट यानी 393 करोड़ की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया।

सीएम योगी ने इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ियों के साथ यह स्टेडियम क्षेत्र के विकास को नए पंख लगाएगा। यह आधुनिक स्टेडियम सिर्फ पूर्वांचल ही नहीं बल्कि देश और दुनिया में गोरखपुर के नाम को नए रूप में स्थापित करेगा।

46 एकड़ में आकार लेगा स्टेडियम

प्रस्तावित प्रोजेक्ट के अनुसार यह भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कुल 46 एकड़ भूमि पर 393 करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से बनकर तैयार होगा। इस भूमि पूजन एवं शिलान्यास के खास अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान मौजूद रहे। इनके साथ ही स्थानीय सांसद रवि किशन, सभी विधायक और यूपी के खेल विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही।

पेट्रोलियम मंत्रालय से मिला 100 करोड़ अनुदान

सीएम योगी ने अपने संबोधन में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विशेष रूप से मंच से आभार व्यक्त किया।  दरअसल हरदीप पुरी के सहयोग से गोरखपुर के चौमुखी विकास को यह नई पहचान और एक नई उड़ान मिल रही है। पेट्रोलियम मंत्री के रूप में हरदीप पुरी ने इस स्टेडियम के निर्माण के लिए तीन शीर्ष तेल कम्पनियों के साझा बजट से 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है।

विपक्ष पर भी कसा तंज

मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय था, जब पूर्वांचल की पहचान माफियावाद, बीमारी और सरकारी उपेक्षा से होती थी। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश की नई पहचान ‘विकास और सुशासन’ से है।

युवाओं को नहीं जाना पड़ेगा बाहर

सीएम योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री का मूल मंत्र है – ‘खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया’, जिसे हमारी सरकार धरातल पर उतार रही है। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार खेल और प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव आर्थिक और ढांचागत प्रोत्साहन दे रही है। अब हमारे गोरखपुर और आस-पास के जिलों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आपके अपने शहर में जल्द ही विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी, जहां फ्लड लाइट्स की रोशनी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाएंगे।

बगल में बनेगा विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि क्रिकेट स्टेडियम के ठीक बगल में 60 एकड़ भूमि पहले से रिजर्व कर रखी गई है। इस अतिरिक्त आरक्षित भूमि पर एक भव्य और सर्व सुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इसमें क्रिकेट के अलावा हॉकी, कुश्ती समेत अन्य पारंपरिक और आधुनिक खेलों को भी समान रूप से बढ़ावा देने का प्रयास होगा। उत्तर प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए ही मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।

हरदीप पुरी ने की योगी सरकार की तारीफ

इस अवसर पर हरदीप पुरी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से उनका बेहद पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय आवास योजना के लाभार्थियों की संख्या मात्र 17 हजार थी। वहीं योगी सरकार के कार्यकाल में यह संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 17 लाख से भी अधिक पहुंच गई है।

दिसम्बर 2027 तक पूरा होगा स्डेयियम का निर्माण कार्य

गोरखपुर के ताल नदोर में उपलब्ध कराई गई इस जमीन पर 24 दिसम्बरस 2025 से ही प्राथमिक निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। सरकार की तरफ से जारी परियोजना लागत की प्रथम किश्त 63.39 करोड़ रुपये से काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अनुसार अब तक करीब सात प्रतिशत भौतिक काम पूरा कर लिया गया है। इस पूरे स्टेडियम का निर्माण कार्य 23 दिसम्बर, 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाएगा।

बेहतरीन कनेक्टिविटी से सफर होगा आसान

इस इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता 30 हजार होगी और यह शानदार ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ के मानक पर बनेगा। इसके मेन ग्राउंड पर खिलाड़ियों के लिए सात मुख्य प्लेइंग पिच और चार अभ्यास पिच तैयार की जाएंगी। रात्रिकालीन मैचों के सफल आयोजन के लिए मेन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानक की चार हाई मास्ट फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी। यह स्थान गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग फोरलेन से जुड़ा है, जो गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किमी और रेलवे स्टेशन से 20 किमी दूर है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code