1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी का 73वां जन्मदिन आज, राष्ट्रपति मुर्मू, नड्डा, राजनाथ व शाह सहित अन्य नेताओं ने दीं शुभकामनाएं
पीएम मोदी का 73वां जन्मदिन आज, राष्ट्रपति मुर्मू, नड्डा, राजनाथ व शाह सहित अन्य नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

पीएम मोदी का 73वां जन्मदिन आज, राष्ट्रपति मुर्मू, नड्डा, राजनाथ व शाह सहित अन्य नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 73 वर्ष के हो गए हैं और रविवार को पूरे देश में उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाईयों का तांता लगा हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं ने पीएम मोदी को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।

नमो एप पर आप भी पीएम को दे सकते हैं जन्मदिन की शुभकामनाएं

पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर आम नागरिकों द्वारा जन्मदिन संदेश देने के लिए भाजपा की ओर से नमो एप लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए आप भी पीएम को शुभकामनाएं प्रेषित कर सकते हैं। इसके अलावा आज ही पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ होगा, जिसे खुद पीएम मोदी शुरू करेंगे।

राष्ट्रपति ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर अपने संदेश में लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि अपनी दूरगामी दृष्टि तथा सुदृढ़ नेतृत्व से आप ‘अमृत काल’ में भारत के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा देशवासियों को अपने अप्रतिम नेतृत्व से लाभान्वित करते रहें।’

जेपी नड्डा का शुभकामना संदेश

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रतिष्ठा, लोगों के बहुआयामी विकास और राष्ट्र की सार्वभौमिक प्रगति को मूर्त रूप दिया है। हमारा ‘अंत्योदय’ (सबसे वंचितों का उत्थान) का लक्ष्य हर गांव और समाज के हर वर्ग तक पहुंच गया है और एक विकसित भारत के संकल्प का मंत्र बन गया है।”

राजनाथ ने दीं शुभकामनाएं

इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ ने एक्स के जरिए पीएम को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, ‘भारत के यशस्वी एवं कर्मयोगी प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। उन्होंने भारत को न केवल नई पहचान दी है बल्कि संपूर्ण विश्व में उसका मान भी बढ़ाया है।’

राजनाथ ने लिखा, ‘लोक कल्याण और गरीब कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध मोदीजी ने भारत को विकास की नई बुलंदियों तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में भारत उत्तरोत्तर प्रगति करता रहे और वे ऐसे ही मां भारती की सेवा करते रहें। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घायु होने की ईश्वर से कामना करता हूं।’

अमित शाह ने दी बधाई

गृह मंत्री अमित शाह ने नए भारत के निर्माता के रूप में पीम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा, ‘पार्टी संगठन हो या सरकार, हमें हमेशा मोदी जी से राष्ट्रहित सर्वोपरि होने की प्रेरणा मिलती है। मैं ऐसे अद्वितीय नेता के नेतृत्व में देश की सेवा करना अपना सौभाग्य मानता हूं।

शाह ने X पर लिखा, ‘मोदी जी में नेतृत्व, संवेदनशीलता और परिश्रम का दुर्लभ संयोजन देखने को मिलता है। उन्होंने देश के सोचने के स्केल और साइज को बदला है, जिससे चाहे कोरोना की वैक्सीन बनाना हो या चंद्रयान-3 की सफलता, आज हमारा तिरंगा पूरे विश्व में शान से लहरा रहा है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code