1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. यूक्रेन संकट : पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की, भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा
यूक्रेन संकट : पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की, भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा

यूक्रेन संकट : पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात की, भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा

0
Social Share

नई दिल्ली, 2 मार्च। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के सातवें दिन बुधवार की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ फोन पर बात की। विदेश मंत्रालय की ओर से देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति में बताया गया कि पीए मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन की ताजा स्थिति की समीक्षा की, विशेष रूप से खारकीव शहर में, जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। उन्होंने संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा की।

15 उड़ानों से 3 हजार नागरिकों को भारत लाया जा रहा

इस बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने देर रात एक ट्वीट में जानकारी दी कि हंगरी, रोमानिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से आज विमानों ने नौ उड़ान भरीं, इनमें वायुसेना के विमान शामिल हैं। छह और उड़ानों के शीघ्र ही प्रस्थान करने की उम्मीद है। कुल मिलाकर तीन हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा – 17 हजार भारतीय यूक्रेन से निकले, प्रत्येक को वापस लाएंगे

इसके पूर्व विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि लगभग 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन की सीमाओं को छोड़ चुके हैं। जनवरी के अंतिम सप्ताह में इस बाबत एडवाइजरी जारी की गई थी। इनमें प्रत्येक भारतीय को स्वदेश लाया जाएगा।

इसी क्रम में यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने रूसी पक्ष से मिली सूचना के आधार पर सभी भारतीय नागरिकों को यूक्रेनी समयानुसार बुधवार शाम छह बजे (भारतीय समयानुसार रात्रि 9.30 बजे) तक खारकीव छोड़ने को कहा था।

भारतीय पासपोर्ट खोने वालों को आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा

अरिंदम बागची ने कहा कि जिन लोगों ने अपना भारतीय पासपोर्ट खो दिया है, उन्हें आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी करने के लिए एक क्रियाविधि स्थापित की गई है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इससे कई भारतीय छात्रों को भी मदद मिलेगी।’

यूक्रेन में रह रहे भारतीय नागरिक चंदन जिंदल का स्वाभाविक कारणों से निधन

बागची ने यह भी बताया कि यूक्रेन में रहने वाले भारतीय नागरिक चंदन जिंदल का बुधवार को स्वाभाविक कारणों से निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में थे। उन्होंने कहा, ‘हम यूक्रेन से प्रत्येक भारतीय नागरिक को वापस लाएंगे।’

इधर यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर एक विशेष विमान राष्ट्रीय राजधानी के हवाई अड्डे पहुंचा। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विमान से भारत आए लोगों का स्वागत किया। यूक्रेन छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code