1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. पीएम मोदी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर कहा – यह भारत के लोकतंत्र का उत्साह
पीएम मोदी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर कहा – यह भारत के लोकतंत्र का उत्साह

पीएम मोदी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर कहा – यह भारत के लोकतंत्र का उत्साह

0
Social Share

नई दिल्ली, 10 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि यह उत्साह और उत्सव का दिन है, यह भारत के लोकतंत्र का उत्साह है। पिछले कुछ वर्षों में शासन संचालन को बेहतर और पारदर्शी बनाया गया है, गरीबों को उनके अधिकार दिए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में लगा दिए जीत का चौका

राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में गुरुवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जीत का चौका लगा दिए। 2014, 2017, 2019 और 2022। उत्तर प्रदेश ने कई प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन पहली बार उसने एक मुख्यमंत्री को एक पूर्ण कार्यकाल पूरा करने के बाद फिर से चुना है।

भाजपा को चारों दिशाओं से मिला आशीर्वाद

पीएम मोदी ने चार राज्यों – यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुण की जीत की अपने अंदाज में व्याख्या करते हुए कहा, ‘सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य, मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त एक राज्य और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य, भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है।’

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर भी विपक्ष को नहीं छोड़ा और कुछ उदाहरण देते हुए उनपर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘वैक्सिनेशन के हमारे प्रयासों की दुनिया प्रशंसा कर रही है, लेकिन इस पवित्र कार्य पर, भारत की वैक्सीन पर सवाल उठाए गए। दुर्भाग्य की बात है कि जब यूक्रेन में हजारों भारतीय छात्र, भारतीय नागरिक फंसे हुए थे, तब भी देश का मनोबल तोड़ने की बातें हो रहीं थीं।’

पंजाब में भाजपा कार्यकर्ता पूरे 5 वर्षों तक अपना दायित्व पूरे जोर शोर से निभाएंगे

पीएम मोदी ने कहा, ‘चुनाव परिणाम भाजपा के गरीब समर्थक और सक्रिय शासन पर लोगों की मजबूत स्वीकृति को रेखांकित करते हैं। सीमावर्ती राज्य होने के नाते, पंजाब को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखने के कार्य को भाजपा का कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर भी करता रहेगा। आने वाले पांच वर्षों में भाजपा का हर कार्यकर्ता वहां इस दायित्व को जोर शोर से निभाने वाला है, ये विश्वास मैं आज पंजाब की जनता को देना चाहता हूं।’

विधानसभा चुनाव परिणामों पर एक नजर

उन्होंने कहा, ‘मैं आज पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी विशेष प्रशंसा करूंगा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वो आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की और देश की मजबूती को एक अहम स्थान के रूप में विकसित करेंगे।’

ज्ञानी अब कहेंगे 2022 के रिजल्ट ने 2024 के नतीजे तय कर दिए

पीएम मोदी ने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधते हुए तंज कसा, ‘मैं आज यह भी कहूंगा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद, कुछ पॉलिटिकल ज्ञानियों ने कहा था कि 2017 के नतीजों ने 2019 के नतीजे तय कर दिए। मैं मानता हूं इस बार भी वो यही कहेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए।’

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि चार राज्यों में भाजपा को अपार समर्थन देकर जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और नीतियों पर मुहर लगा दी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code