1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. भारत की निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नतीजों की घोषणा के बाद दिल्ली में अपने आवास पर गणमान्य लोगों से मुलाकात की
भारत की निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नतीजों की घोषणा के बाद दिल्ली में अपने आवास पर गणमान्य लोगों से मुलाकात की

भारत की निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नतीजों की घोषणा के बाद दिल्ली में अपने आवास पर गणमान्य लोगों से मुलाकात की

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार की रात नतीजों की औपचारिक घोषणा के बाद राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित गणमान्य लोगों से मुलाकात की और उनकी बधाई व शुभकामनाएं स्वीकार कीं।

द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने वालों में पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेता शामिल रहे।

निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने मुर्मू को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा

इसके पूर्व संसद भवन में राज्यसभा के महासचिव और राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने द्रौपदी मुर्मू की जीत की औपचारिक घोषणा की। बाद में मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें जीत का प्रमाणपत्र सौंपा।

20 जून, 1958 को जन्मी मुर्मू स्वतंत्रता के बाद पैदा होने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति भी होंगी। देश की सबसे कम उम्र राष्ट्रपति मुर्मू 25 जुलाई को शपथ लेंगी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

पीसी मोदी ने बताया कि संसद भवन के कमरा नंबर 63 में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई मतगणना देर शाम सम्पन्न हुई। पहले दौर में संसद में पड़े कुल वोटों की गिनती की गई और उसके बाद अलग-अलग राउंड में 10-10 राज्यों के वोट गिने गए।

मुर्मू को प्रथम वरीयता के 2,824 वोट मिले, यशवंत सिन्हा के खाते में 1,877 मत

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 4,754 वोट डाले गए और 4,701 वोट वैध पाए गए और 53 वोट अवैध रहे। इसके आधार पर कोटा निर्धारित किया गया, जो 5,28,491 था। उन्होंने बताया कि वैध मतों में से द्रौपदी मुर्मू को प्रथम वरीयता के 2,824 वोट मिले, जिनकी वोट वैल्यू 6,76,803 रही। वहीं यशवंत सिन्हा को प्रथम वरीयता के 1,877 वोट मिले, जिनकी कुल कीमत 3,80,177 रही।

पीसी मोदी ने कहा, ‘चूंकि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को निर्धारित कोटा से अधिक संख्या में वोट प्राप्त हुए, मैंने रिटर्निंग ऑफिसर की हैसियत से यह एलान किया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी अगली राष्ट्रपति होंगी।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code