सूरत में बोले पीएम मोदी- ‘नकारात्मकता से बहुत आगे निकल चुका है भारत…’
सूरत, 5 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने गृहराज्य गुजरात के सूरत में शुक्रवार की शाम केंद्र व राज्य सरकारों की 24 अलग-अलग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस क्रम में उन्होंने दक्षिण गुजरात को कुल 18,778 करोड़ रुपये की विकास विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया।

सूरत के दीनदयाल उपाध्याय इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सूरतवासियों के हौसले की तारीफ करते हुए कहा, ‘कभी प्लेग जैसी महामारी का सामना करने वाला सूरत आज पूरे देश में स्वच्छता और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा है।
देश हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा
पीएम मोदी ने कहा, ‘दुनिया इस समय अभूतपूर्व चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। कुछ समय पहले मैंने कहा था कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक साबित हो रहा है। हाल के दिनों में हमने एक के बाद एक वैश्विक आपदाएं देखी हैं। पहले कोविड-19 के कारण बड़ा संकट आया, फिर अलग-अलग जगहों पर युद्ध छिड़ गए और गंभीर ऊर्जा संकट ने पूरी दुनिया को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दुनियाभर में पेट्रोल की कीमतें लगातार घट-बढ़ रही हैं और गैस सप्लाई चेन ठप हो रही है। मुझे इस बात का बहुत संतोष है कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों से देश ऐसी हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है।’
उन्होंने कहा, “आज देश में कुछ ऐसे निराशावादी लोग हैं, जो लगातार ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का मजाक उड़ाते हैं। वे देश के इस संकल्प को हमेशा कमतर आंकते हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने भारत को हमेशा दूसरे देशों पर निर्भर रखा। वे भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर देश कभी भी विकास की उन ऊंचाइयों को नहीं छू सकता, जिसका वह असल में हकदार है।”
‘हमारी सरकार देश के विकास को सबसे ऊपर रखकर काम कर रही’
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘हमारी सरकार देश के विकास को सबसे ऊपर रखकर काम कर रही है। यही वजह है कि देश भाजपा और उसके विकास कार्यों पर भरोसा करता है और जनता बार-बार भाजपा को सेवा का मौका देती है। मैं हाल ही में पांच देशों के दौरे पर था और वहां भी सिर्फ बंगाल की ही चर्चा हो रही थी। हर कोई बंगाल के बारे में बात कर रहा था। बंगाल, असम और पुडुचेरी में हुए चुनावों में भाजपा और एनडीए को भारी जनसमर्थन मिला है।’
पीएम मोदी ने सूरत में 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
अराजकता के बीच अवसर तलाशने की कांग्रेस की राजनीति अब नहीं चलेगी
पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले 12 वर्षों से कांग्रेस अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता ने बार-बार उसे मुंहतोड़ जवाब दिया है। गुजरात के लोगों ने कांग्रेस को किनारे लगा दिया है। लेकिन जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां भी जनता पार्टी के कुशासन से तंग आ चुकी है। अभी हाल ही में हिमाचल में भी स्थानीय निकाय चुनाव हुए थे, वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले, कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव हार गई थी, और पंजाब के लोगों ने भी पार्टी को साफ संदेश दे दिया है। अराजकता के बीच अवसर तलाशने की कांग्रेस की राजनीति अब नहीं चलेगी।’

आशावाद से परिभाषित होने वाला भारत असाधारण आकांक्षाओं से प्रेरित
उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक के लोगों में कांग्रेस सरकार को लेकर भारी नाराजगी है और यही वजह है कि पार्टी को वहां अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। भारत नकारात्मकता से बहुत आगे निकल चुका है। यह एक ऐसा देश है, जो आशावाद से परिभाषित होता है और असाधारण आकांक्षाओं से प्रेरित है। इसके नागरिक सपनों और संकल्पों से भरे हुए हैं और लोग उस संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जब देश की सामूहिक इच्छाशक्ति इतनी दृढ़ हो, तो वह किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकती है और यही भारत की असली ताकत है।’
