1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. पलक्कड़ की चुनावी सभा में बोले पीएम मोदी- केरल में अब चुनावी माहौल नहीं, जनआंदोलन की लहर
पलक्कड़ की चुनावी सभा में बोले पीएम मोदी- केरल में अब चुनावी माहौल नहीं, जनआंदोलन की लहर

पलक्कड़ की चुनावी सभा में बोले पीएम मोदी- केरल में अब चुनावी माहौल नहीं, जनआंदोलन की लहर

0
Social Share

पलक्कड़, 29 मार्च। केरल विधानसभा चुनाव की तिथियां नजदीक आने के साथ राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को केरल के पलक्कड़ पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

केरल की पारंपरिक केरल वेशभूषा मुंडू (धोती) पहने नजर आए। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केरल में उन्हें एक नई ऊर्जा और बदलाव की लहर महसूस हो रही है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय राज्य की जनता और भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक हिंसा के कारण अपने प्राण गंवाए हैं और उन्होंने मंच से उन सभी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने कहा कि केरल अब बदलाव का संदेश दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और लोगों का भरोसा भाजपा पर मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभा में मौजूद भारी भीड़ को इस बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी माहौल नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। राज्य के युवा, महिलाएं और किसान अब भाजपा और एनडीए के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

पलक्कड़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की सराहना

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पलक्कड़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पलक्कड़ को केरल का प्रवेश द्वार कहा जाता है और यहां की हरियाली, परंपराएं और मेहनतकश लोग इसे विशेष बनाते हैं। उन्होंने कल्पथी मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी तुलना अक्सर काशी से की जाती है और काशी से सांसद होने के नाते यह उनके लिए विशेष महत्व रखता है।

पीएम मोदी ने केरल की सामाजिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नमन किया। उन्होंने श्री नारायण गुरु, चट्टम्पी स्वामीकल, मन्नथु पद्मनाभन, महात्मा अय्यंकाली और संत कुरियाकोस एलियास चावरा जैसे महान संतों और समाज सुधारकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने केरल की सामाजिक चेतना को दिशा दी है।

दशकों से एलडीएफ व यूडीएफ की राजनीति में फंसा है केरल

प्रधानमंत्री ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों से केरल दो प्रमुख गठबंधनों वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के बीच फंसा हुआ है। उन्होंने कहा कि दोनों ही गठबंधन वोट बैंक की राजनीति में लिप्त हैं और राज्य के विकास की अनदेखी करते रहे हैं। उन्होंने एलडीएफ और यूडीएफ को भ्रष्ट बताते हुए कहा कि दोनों के बीच सत्ता के बंटवारे का एक अनौपचारिक समझौता रहा है।

‘विकसित केरल’ बनाने का किया वादा

प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियां एक-दूसरे पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से यह स्पष्ट हो गया है कि असली मुकाबला भाजपा से है और जनता अब इसे समझ चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि यदि केरल में भाजपा और एनडीए की सरकार बनती है तो राज्य के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने ‘विकसित केरल’ बनाने का वादा करते हुए कहा कि यह उनकी गारंटी है और राज्य की जनता इस बदलाव के लिए तैयार है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में केरल में सरकारी कर्मचारियों के डीए और छुट्टियों के बकाया भुगतान को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। कांग्रेस इस सबके लिए लेफ्ट वालों पर हमला करती है। लेकिन जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां भी हालत बुरे हैं। पड़ोसी कर्नाटक को देख लीजिए, वहां भी विकास के ज्यादातर काम रुक गए हैं। हिमाचल प्रदेश भी आर्थिक संकट में है। यही कांग्रेस का मॉडल है।’

केरल पर पांच लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज

उन्होंने कहा कि केरल पर पांच लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है। यह आंकड़ा पिछले सिर्फ 10 वर्षों में तीन गुना हो गया है। जाहिर है केरल के लोग जवाब मांग रहे हैं। यह सारा पैसा कहां गया? जवाब साफ है, यह एलडीएफ की जेबों में चला गया है।

भाजपा सत्ता में आई तो भ्रष्ट लोगों की गलत तरीके से कमाई गई दौलत वापस ली जाएगी

पीएम मोदी ने कहा, ‘जब केरल में भाजपा सत्ता में आएगी तो हम यह पक्का करेंगे कि भ्रष्ट लोगों से उनकी गलत तरीके से कमाई गई दौलत वापस ली जाए। हर एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा और यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी जांच की जाएगी कि फंड का इस्तेमाल हमारे राज्य और यहां के लोगों के असली विकास के लिए ही हो।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code