पीएम मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 12 सिंतंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत और इथियोपिया के बीच रिश्तों को और मजबूत करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। इथियोपिया ब्रिक्स (BRICS) के नए सदस्य देशों में शामिल है और प्रधानमंत्री अबी अहमद 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबी अहमद ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया और गले मिले। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, विकास साझेदारी, क्षमता निर्माण, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे अबी अहमद

इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। वह यहां 12 और 13 सितंबर को आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। भारत पहुंचने पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत अपनी BRICS अध्यक्षता के दौरान वैश्विक दक्षिण (Global South) के देशों के साथ सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहा है। ऐसे में इथियोपिया के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ बहुपक्षीय सहयोग की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

2024 में BRICS का सदस्य बना इथियोपिया

इथियोपिया वर्ष 2024 में BRICS समूह में शामिल हुआ था। इसके बाद भारत और इथियोपिया के बीच बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और संपर्क को नई गति मिली है। नई दिल्ली में हो रहा BRICS शिखर सम्मेलन दोनों देशों के नेताओं को द्विपक्षीय रिश्तों के अलावा वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर भी दे रहा है। भारत और इथियोपिया के संबंध लंबे समय से मजबूत और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण सहयोग प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं। इथियोपिया ने भारत की विकास संबंधी पहलों और वैश्विक दक्षिण से जुड़े मुद्दों पर भारत के प्रयासों का समर्थन भी किया है।

2023 में भी हुई थी मोदी-अबी अहमद की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले भी इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद के साथ BRICS मंच से इतर द्विपक्षीय बैठक कर चुके हैं। वर्ष 2023 में जोहान्सबर्ग में हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT), कृषि, युवाओं के कौशल विकास, विकास साझेदारी और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। नई दिल्ली में हुई ताजा बैठक से भारत और इथियोपिया के बीच पहले से मौजूद सहयोग को और व्यापक बनाने तथा नए क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular