1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘जहां उनकी सोच खत्म होती है, वहां से हमारा काम शुरू होता है’
पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘जहां उनकी सोच खत्म होती है, वहां से हमारा काम शुरू होता है’

पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘जहां उनकी सोच खत्म होती है, वहां से हमारा काम शुरू होता है’

0
Social Share

सिलचर, 14 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जहां कांग्रेस के नेताओं के दिमाग का ताला बंद होता है, वहां से उनकी सरकार का काम शुरू होता है। उन्होंने असम के सिलचर में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर के भूमि पूजन के बाद ये टिप्पणी की।

कांग्रेस की सरकारों ने दशकों तक नॉर्थ-ईस्ट को नजरअंदाज किया

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के कई दशकों तक कांग्रेस की सरकारों ने नॉर्थ-ईस्ट को दिल्ली से भी दूर रखा और दिल से भी दूर रखा। उनके अनुसार कांग्रेस ने इस पूरे क्षेत्र को लगभग भुला दिया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार ने नॉर्थ-ईस्ट को बेहतर तरीके से जोड़ा है और आज हर जगह इसकी चर्चा हो रही है। आज नॉर्थ-ईस्ट भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र बन गया है और दक्षिण-पूर्व एशिया से भारत को जोड़ने वाला सेतु बन रहा है।

बराक घाटी के विकास में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जैसे कांग्रेस ने पूरे नॉर्थ-ईस्ट को अपने हाल पर छोड़ दिया था, वैसे ही बराक घाटी को बेहाल करने में भी उसकी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय ऐसी सीमा खींची गई, जिससे बराक घाटी का समुद्र से संपर्क कट गया। जो क्षेत्र कभी व्यापार मार्ग और औद्योगिक केंद्र के रूप में जाना जाता था, उसकी ताकत ही छीन ली गई। आजादी के बाद भी लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ।

24,000 करोड़ रुपये के शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन

प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 24,000 करोड़ रुपये की लागत वाले शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो यह गिन भी नहीं सकती कि ऐसे प्रोजेक्ट्स में कितने शून्य होते हैं। उनके अनुसार यह कॉरिडोर पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों लंबे इंतजार को खत्म करेगा और इसके जरिए सिलचर, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा के बीच संपर्क मजबूत होगा।

सीमावर्ती गांवों के विकास पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि विकास की दौड़ में जो क्षेत्र पीछे रह गए, उन्हें प्राथमिकता देना भारतीय जनता पार्टी का मंत्र है। पहले की सरकारें सीमावर्ती क्षेत्रों को देश का अंतिम गांव मानती थीं, जबकि भाजपा सरकार इन्हें देश का पहला गांव मानती है। इसी सोच के तहत कछार जिले से ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ का अगला चरण शुरू किया गया, जिससे बराक घाटी के कई गांवों में सुधार होगा।

किसानों और युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। हाल ही में गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त जारी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के लंबे शासन के बावजूद किसानों को ऐसा सीधा लाभ नहीं मिला।

असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने असम के युवाओं को हिंसा और आतंकवाद के कुचक्र में उलझाए रखा और राज्य को ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति की प्रयोगशाला बना दिया। प्रधानमंत्री के अनुसार आज असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code