इजराइल पहुंचे पीएम मोदी का तेल अवीव में भव्य स्वागत, नेतन्याहू ने ‘ग्रेट लीडर’ कहकर संबोधित किया

तेल अवीव, 25 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजराइल की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर बुधवार को तेल अवीव पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी की।

नेतन्याहू के बुलावे पर पीएम मोदी की नौ वर्षों में इजराइल की यह दूसरी यात्रा है। जुलाई, 2017 में इस देश की उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया था।

बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद तेल अवीव से 20 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार की शाम इजराइली संसद को संबोधित करेंगे। फिर नेतन्याहू के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता गुरुवार को व्यापक मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के एक पोस्ट पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी, इजराइल में आपका स्वागत करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। आपका स्वागत है।’

सारा नेतन्याहू की भगवा पोशाक पर सभी की नजर

विमान से उतरते ही पीएम नेतन्याहू ने बाहें फैलाकर ‘अपने मित्र’ पीएम मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और इस दौरान भारत के प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए इजराइली पीएम ने अंग्रेजी में कहा, ‘आप ग्रेट लीडर हैं और बहुत अच्छे लग रहे हैं।’

दोनों मित्र गले मिले, फिर नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा से पीएम मोदी का परिचय कराया। मिसेज नेतन्याहू ने भगवा (सैफरन) रंग का फॉर्मल सूट पहन रखा था। यहीं पर पीएम नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के पॉकेट स्क्वायर (जैकेट की जेब में रखे रुमाल) की ओर इशारा कर कहा, ‘ये उससे मैच कर रहा है।’ इसके बाद दोनों पीएम और वहां मौजूद सारा ठहाके लगाकर हंस पड़े। माहौल खुशनुमा और हंसी से गुलजार हो गया।

भारत-इजराइल के बीच अहम करार की खबर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों नेता पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। पीएम मोदी की यह यात्रा पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हो रही है। पिछले कुछ वर्षों में भारत-इजराइल संबंध मजबूत हुए हैं। पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान इजराइल और भारत के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ-साथ डिफेंस पर भी बातचीत करने की उम्मीद है।

रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है। इसमें इजराइल भारत को कई सैन्य प्लेटफॉर्म और हथियार प्रणालियां मुहैया करा रहा है। पिछले साल नवम्बर में, भारत के रक्षा सचिव की इजराइल यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग पर एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों में भी लगातार प्रगति देखने को मिल रही है।

नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम बनेंगे

प्रधानमंत्री मोदी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार नेसेट को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी में भी शामिल होंगे।

यरूशलम पोस्ट का विशेष फ्रंट पेज

इस बीच इजराइली अखबार ‘द यरूशलम पोस्ट’ ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में विशेष फ्रंट पेज प्रकाशित किया। इसमें उनकी तस्वीर के साथ हिन्दी में ‘नमस्ते’ और हिब्रू भाषा में ‘शालोम’ लिखा गया, जिसका अर्थ नमस्ते या शांति होता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular