
पद्म पुरस्कारों की घोषणा : कुवैत की योगा ट्रेनर अल सबाह व सेब सम्राट हरिमन भी पद्मश्री विजेताओं में शामिल
नई दिल्ली, 25 जनवरी। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। 2025 के पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं में कुवैत की योगा ट्रेनर शेख ए जे अल सबाह व ब्राजील के वेदांत गुरु जोनास मासेटी के रूप में दो विदेशी हस्तियां भी शामिल हैं।
देश के पद्मश्री विजेताओं में कई गुमनाम व अनोखे चेहरे भी शामिल हैं, जिनमें सेब सम्राट हरिमन शर्मा, डॉ. नीरजा भाटला, भीम सिंह भावेश, पी. दचनामूर्ति और एल. हैंगथिंग हैं। इन सभी विजेतओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
दरअसल, देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री। यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामलों, विज्ञान, इंजीनियरिंग, व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और सिविल सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता को मान्यता देता है।
पद्मश्री विजेताओं की सूची में दिल्ली की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरजा भाटला गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का पता लगाने व उसकी रोकथाम और प्रबंधन पर विशेष ध्यान देती हैं। वहीं भोजपुर के सामाजिक कार्यकर्ता भीम सिंह भावेश पिछले 22 वर्षों से अपनी संस्था ‘नई आशा’ के माध्यम से समाज के सबसे हाशिए पर पड़े समूहों में से एक मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं।
पी. दचनामूर्ति दक्षिण भारतीय संगीत और संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण शास्त्रीय ताल वाद्य यंत्र थाविल में विशेषज्ञता रखने वाले वाद्य वादक हैं, जिनके पास पांच दशकों से अधिक का अनुभव है। एल. हैंगथिंग नोकलाक (नागालैंड) के एक फल किसान हैं, जिन्हें गैर-देशी फलों की खेती में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है।
पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं की सूची
- जगदीश जोशीला : साहित्य एवं शिक्षा (निमाड़ी) मध्य प्रदेश
- जोनास मासेटी : आध्यात्मिकता, ब्राजील के वेदांत गुरु
- पी. दचनामूर्ति : कला (संगीत), थाविल, पुडुचेरी
- नीरजा भाटला : मेडिसिन (स्त्री रोग), दिल्ली
- शेखा ए जे अल सबाह : चिकित्सा (योग) कुवैत
- भीम सिंह भावेश : सामाजिक कार्य (दलित) श्रेणी, भोजपुर
- ह्यूग व कोलीन गैंट्जर : साहित्य और शिक्षा, यात्रा, उत्तराखंड
- हरिमन शर्मा : कृषि, सेब, हिमाचल प्रदेश
- नरेन गुरुंग : कला-गायन (लोक-नेपाली), सिक्किम
- हरविंदर सिंह : खेल (दिव्यांग), तीरंदाजी, हरियाणा
- एल हैंगथिंग : (कृषि- फल), नागालैंड
- विलास डांगरे : चिकित्सा, होम्योपैथी, महाराष्ट्र
- भेरू सिंह चौहान : कला (गायन) निर्गुण, मध्य प्रदेश
- जुमदे योमगाम गामलिन : सामाजिक कार्य (सेवा)
- वेंकप्पा अंबाजी सुगातेकर : कला (गायन-लोक-गोंधली)