निलंबन के खिलाफ प्रदर्शन : विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक निकाला पैदल मार्च

नई दिल्ली, 21 दिसम्बर। विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों से 140 सदस्यों के निलंबन पर विरोध जताते हुए गुुरुवार को संसद भवन से एक मार्च निकाला, जो विजय चौक पर संपन्न हुआ। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुआई में विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक पैदल मार्च किया। विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर ले रखा था, जिस पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ लिखा था।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संसद से जुड़े विषयों पर सदन के बाहर बोल रहे हैं, जो विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘निलंबन के खिलाफ हमारा प्रदर्शन है। सरकार और मोदी जी यह नहीं चाहते कि सदन चले।’’

खड़गे ने कहा, ‘‘हम लोकसभा में, संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना से जुड़ा विषय उठाना चाहते थे कि यह क्यों हुआ, कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। हम चाहते थे कि सरकार सदन को इस बारे में बताए। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों सदन में नहीं आए। वे, सदन में जिन बातों को कहना है, उन्हें बाहर बोल रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि निलंबन के मुद्दे को लेकर विपक्षी नेता शुक्रवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। सदन में तख्तियां लहराने और नारे लगाने के आरोप में पिछले कुछ दिनों के भीतर 143 सांसदों को लोकसभा और राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) के सांसद 13 दिसम्बर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक की घटना को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular