नई दिल्ली, 26 अगस्त। केरल के सबसे लोकप्रिय और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण त्योहार ओणम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने ओणम को खुशी, समृद्धि, एकजुटता और सांस्कृतिक सद्भाव का पर्व बताते हुए सभी के सुख-शांति की कामना की।
पीएम मोदी ने दी ओणम की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को ओणम की बधाई दी। उन्होंने कहा, “सभी को ओणम की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह एक शानदार त्योहार है, जिसे पूरी दुनिया में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार खुशी, एकजुटता और समृद्धि की भावना को और मजबूत करे।”
सीएम योगी ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओणम की शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक सद्भाव का महापर्व बताया। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए तथा राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक गौरव को और मजबूत करे।
रेखा गुप्ता और भजनलाल शर्मा ने दी शुभकामनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी ओणम के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समृद्धि और एकजुटता का यह त्योहार हर घर में शांति, खुशहाली और खुशियां लेकर आए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ओणम को समृद्धि, खुशहाली और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कामना की कि यह पर्व लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।
पंकज चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने ओणम को खुशहाली, सौहार्द और समृद्ध परंपराओं का पावन पर्व बताते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि फूलों की रंगोली और उत्सव के इस पर्व पर ईश्वर से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सफलता और खुशहाली की प्रार्थना है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ओणम की बधाई दी। उन्होंने इसे अन्नदाता किसानों की समृद्धि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व बताया तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
10 दिनों तक मनाया जाता है ओणम
ओणम का त्योहार 10 दिनों तक मनाया जाता है। इस साल ओणम पर्व की शुरुआत 16 अगस्त से हुई थी और 26 अगस्त को इसका आखिरी दिन है। केरल के साथ-साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में भी लोग ओणम को उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाते हैं।


